Parel ST Depot में शराबखोरी का भंडाफोड़, औचक निरीक्षण में चालक नशे में पकड़ा गया

Maharashtra News: मुंबई के परेल एसटी डिपो में औचक निरीक्षण के दौरान स्टाफ रेस्ट रूम से शराब की बोतलें मिलीं। चालक को नशे में पकड़े जाने के बाद कई कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
Parel ST Depot
परेल एसटी डिपो (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: मुंबई के परेल स्थित राज्य परिवहन (एसटी) डिपो में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। स्टाफ रेस्ट रूम से बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

यह मामला रविवार को तब उजागर हुआ, जब परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बिना पूर्व सूचना डिपो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक चालक को पानी की बोतल में शराब पीते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद पूरे डिपो में तत्काल जांच अभियान चलाया गया। मंत्री के निर्देश पर मौके पर मौजूद कर्मचारियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया।

जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों को तुरंत निलंबित करने के आदेश दिए गए। मंत्री ने इस घटना को महज अनुशासनहीनता नहीं, बल्कि यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ बताया और वरिष्ठ अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही सुरक्षा व सतर्कता विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए विभागीय जांच के निर्देश दिए।

अधिकारियों की भूमिका पर उठे सवाल

  • मामला तब और गंभीर हो गया, जब सतारा डिपो के चालक प्रशांत घोरपड़े को प्रारंभिक जांच में दोषमुक्त कर छोड़ दिया गया। मौके पर मौजूद पत्रकारों द्वारा सवाल उठाए जाने के बाद दोबारा जांच कराई गई, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई।
  • इससे अधिकारियों की भूमिका पर संदेह और गहरा गया। परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्यभर में एसटी चालकों की ड्यूटी से पहले शराब जांच अनिवार्य की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रेस्ट रूम सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराने के बावजूद ऐसी घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। इस तरह की लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा को सीधे खतरे में डालती है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
  • घटना की विस्तृत जांच के लिए अलग विभागीय समिति गठित की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर दोषी कर्मचारियों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। इस प्रकरण ने एसटी बस सेवाओं में निगरानी व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की गंभीर खामियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com