मुंबई में ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश, दुबई से चल रहा था नेटवर्क, 10 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त
Mumbai Police की एंटी नारकोटिक्स सेल ने वसई के पेल्हर में छापा मारकर 10 करोड़ रुपए से अधिक की एमडी ड्रग्स और केमिकल जब्त किए हैं। इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड दुबई से ऑपरेट कर रहा था।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Drug Factory Busted In Mumbai: मुंबई पुलिस ने वसई के पेल्हर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसके तहत एक एमडी ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालघर जिले के नालासोपारा इलाके में स्थित पेल्हर के रशीद कंपाउंड में एक केमिकल फैक्ट्री की आड़ में अवैध रूप से एमडी ड्रग्स बनाई जा रही है।
जानकारी की पुष्टि होने के बाद मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल और तिलक नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर छापा मार कर करोड़ों के नशीले पदार्थ जब्त किए।
10 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस को फैक्ट्री के अंदर भारी मात्रा में नशीला पदार्थ, केमिकल और एमडी ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल मिला। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 7 किलो एमडी ड्रग्स और करोड़ों रुपये के अन्य केमिकल ज़ब्त किए हैं। शुरुआती अनुमानों के अनुसार, जब्त की गई ड्रग्स और सामग्री की कुल कीमत 10 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
विपक्ष सत्ता में था तो आप क्या कर रहे थे? सवाल पूछने को राजनीति कहने पर फडणवीस पर भड़के राज ठाकरे
क्या NDA में जाएंगे शरद पवार? संजय राउत बोले, उनकी विचारधारा पर शक नहीं, लेकिन शिंदे को सम्मान देना गलत
जिनको कुत्ता नहीं पूछता और भाड़े के टट्टू, सीएम फडणवीस की भाषा पर फूटा संजय राउत का गुस्सा, किया पलटवार
फर्स्ट एसी कोच में हनीमून का कमरा बनाना पड़ा महंगा, रेलवे ने सीटीआई को किया निलंबित
दुबई से जुड़ा मास्टरमाइंड
इस मामले में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हालांकि, जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस पूरे अवैध नेटवर्क का मास्टरमाइंड दुबई से अपनी गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
मुंबई पुलिस अब दुबई में बैठे इस सरगना के कनेक्शन और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस को यह भी शक है कि गिरफ्तार आरोपी ने भारत में कई अन्य जगहों पर भी इसी तरह की अवैध फैक्ट्रियां चला रखी थीं।
यह भी पढ़ें:- शिंदे ने खाेला शिकायत का पिटारा, दिल्ली में मोदी-शाह के साथ डेढ़ घंटे की मीटिंग, PM बोले- सब्र करो
जांच और ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया है कि आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत भी बरामद किए गए हैं। इन सबूतों के आधार पर पुलिस को इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि बनाई गई ड्रग्स की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी और इस पूरे अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह बड़ी कार्रवाई उनके चल रहे अभियान ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ का एक अहम हिस्सा है। पुलिस ने कहा है कि शहर और उपनगरीय इलाकों में चल रहे ड्रग्स रैकेट्स पर निगरानी और तेज की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे के जाल से सुरक्षित बचाया जा सके। गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ जारी है और बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है।
