मुंबई का मृणालताई फ्लाईओवर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai Mrinal Tai Gore Flyover Extension News: मुंबई में राम मंदिर व गोरेगांव के बीच मृणाल ताई फ्लाईओवर के एक्सटेंशन का काम अधर में है, वर्ष 2019 में शुरू हुआ यह कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस संदर्भ में सभागृह नेता गणेश खणकर ने स्थायी समिति की बैठक में सलाहकार और परियोजना अभियंता की कड़ी आलोचना की। इसके बाद मृणालताई गोरे फ्लाईओवर की 40 करोड़ रुपये की लागत वृद्धि का प्रस्ताव स्थायी समिति द्वारा स्थगित कर दिया गया। बता दें कि फ्लाईओवर के विस्तार कार्य में लागत में हुए बदलाव का प्रस्ताव हाल ही में स्थायी समिति की बैठक में पेश किया गया था।
इस दौरान गणेश खणकर ने सुझाव दिया कि समिति सदस्यों को परियोजना स्थल पर ले जाकर काम की वर्तमान स्थिति दिखाई जाए। सदस्यों के सवालों के जवाब देने के लिए परियोजना सलाहकार और अभियंता बैठक में उपस्थित रहें, ऐसी मांग भी उन्होंने की। भाजपा की नगरसेविका प्रीति सातम ने परियोजना में बदलाव पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि यदि उपलब्ध जगह के अनुसार बदलाव करना था, तो सलाहकार को यह बात 4 साल पहले क्यों समझ में नहीं आई। वहीं, कांग्रेस के गुटनेता अशरफ आजमी ने सवाल उठाया कि विस्तार कार्य 7 साल तक लटका रहा, इसके बावजूद ठेकेदार पर कोई जुर्माना क्यों नहीं लगाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि अभी भी 20 प्रतिशत काम बाकी है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में मौसम का यू-टर्न: अगले 48 घंटों में विदर्भ-मराठवाड़ा में बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन
शिवसेना के गुटनेता अमेय घोले ने सवाल किया कि जब वीजेटीआई कंसल्टेंट के रूप में मौजूद है, तो बाहर से कंसल्टेंट क्यों नियुक्त किए जाते हैं। इसके बाद स्थायी समिति अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे ने इस विषय को स्थगित कर दिया, इस फ्लाईओवर के विस्तार कार्य में मूल अनुबंध की तुलना में लगभग 38 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। शुरुआत में इस परियोजना के लिए 209 करोड़ रुपये मंजूर किए गए थे, लेकिन अब बढ़े हुए कार्यों के कारण इसकी लागत बढ़कर 247 करोड़ 97 लाख रुपये तक पहुंच गई है।