प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Thane Real Estate News: महाराष्ट्र के प्रमुख त्योहारों में से एक ‘गुड़ी पाड़वा’ न केवल सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह आर्थिक समृद्धि का भी प्रतीक बनकर उभरा है। अक्षय तृतीया और विजय दशमी की तरह ही, इस साल गुड़ी पाड़वा के मुहूर्त पर ठाणे के रियल एस्टेट, ऑटोमोबाइल और सर्राफा बाजार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली।
क्रेडाई एमसीएचआई (CREDAI-MCHI) ठाणे के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र मेहता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस साल गुड़ी पाड़वा के दिन अकेले ठाणे शहर में 500 से अधिक फ्लैट्स की बिक्री हुई है। इतना ही नहीं, शुभ मुहूर्त का लाभ उठाते हुए 1000 से अधिक परिवारों ने अपने नए घरों में गृह प्रवेश (वास्तु शांति) किया।
मेहता ने बताया कि ठाणे के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से ब्राह्मण सोसाइटी और उभरते हुए प्राइम लोकेशन्स पर बिल्डरों द्वारा विशेष छूट और आकर्षक ऑफर्स दिए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर बुकिंग दर्ज की गई। उन्होंने कहा, “हमारे सदस्यों द्वारा दी गई रिपोर्ट रियल एस्टेट बाजार में सकारात्मक माहौल को दर्शाती है। गुड़ी पाड़वा नई शुरुआत का प्रतीक है, और इतने परिवारों को अपना घर मिलते देखना गर्व की बात है।”
रियल एस्टेट के साथ-साथ ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी भारी मांग रही। ठाणे के शोरूम्स से सैकड़ों नई कारें और दोपहिया वाहन सड़कों पर उतरे। वहीं, सर्राफा बाजार में भी पैर रखने की जगह नहीं थी। गुरुवार को सुबह से ही सोने और चांदी के गहनों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं। लोगों ने निवेश और परंपरा के तौर पर सोने के सिक्कों और आभूषणों की जमकर खरीदारी की।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में मौसम का यू-टर्न: अगले 48 घंटों में विदर्भ-मराठवाड़ा में बारिश का अलर्ट, किसानों की बढ़ी टेंशन
विशेषज्ञों का मानना है कि इस साल की बिक्री पिछले कुछ वर्षों के मुकाबले काफी बेहतर रही है। स्थिर ब्याज दरों और डेवलपर्स द्वारा दिए गए ‘ऑन-द-स्पॉट’ डिस्काउंट ने ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित किया। फसल के मौसम और नए साल की शुरुआत ने मध्यम वर्गीय और उच्च-मध्यम वर्गीय परिवारों के बीच खरीदारी के उत्साह को दोगुना कर दिया है।