देश की सबसे ऊंची मेट्रो लाइन का काम तेज, पश्चिम व मध्य रेलवे को करेगी क्रॉस, 42 मीटर का स्टील स्पैन हुआ लांच
MMRDA Project: मुंबई में मेट्रो लाइन 6 का निर्माण तेज़ी से जारी है, जहां एमएमआरडीए ने 42 मीटर लंबे स्टील स्पैन की सफल लॉन्चिंग कर एक बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की है।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आंचल लोखंडे
Mumbai Metro (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai Metro Line: देश की आर्थिक राजधानी में यातायात सुगम बनाने के लिए मेट्रो का जाल बिछाया जा रहा है। मुंबई के पश्चिम उपनगर अंधेरी से सीधे पूर्वी उपनगर विक्रोली को जोड़ने के लिए मेट्रो 6 का निर्माण किया जा रहा है। 14.50 किमी लंबी लगभग 38 मीटर की ऊंचाई के साथ डिजाइन की गई इस मेट्रो 6 को संभवतः देश की सबसे ऊंची मेट्रो लाइन माना जा रहा है।
एमएमआरडीए की बड़ी उपलब्धि
रविवार को इस मार्ग पर एमएमआरडीए ने बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की, जब पश्चिम रेलवे मार्ग पर 42 मीटर स्टील स्पैन की सफल लॉन्चिंग की गई। यह 42 मीटर लंबा,168.96 टन वजनी स्टील स्पैन मेट्रो लाइन 6 के लिए निर्णायक चरण माना जा रहा है। इसके अंतर्गत कॉरिडोर के सबसे जटिल निर्माण कार्यों में से एक जोगेश्वरी क्षेत्र में पश्चिम रेलवे की पटरियों के ऊपर रेलवे एरिया में एक महत्वपूर्ण पियर का निर्माण और पहले स्टील कॉम्पोजिट स्पैन की लॉन्चिंग की।
पश्चिम से पूर्व को जोड़ेगी
इस चरण की शुरुआत पियर P124 के निर्माण से हुई, जो मुंबई के सबसे व्यस्त उपनगरीय रेलवे मार्गों में से एक पर अप-थ्रू और डाउन-थ्रू ट्रैकों के बीच स्थित है। अत्यंत सीमित स्थान और उच्च जोखिम वाले वातावरण में इस कार्य के लिए सटीक योजना, समन्वय और कड़े सुरक्षा मानकों का पालन किया गया । नींव से लेकर पियर कैप स्तर तक का पूरा कार्य रेलवे सुरक्षा मानकों और अनुमोदित दिशानिर्देशों के अनुसार किया गया। दोनों ओर लगातार ट्रेन संचालन जारी रहने के बावजूद यह कार्य बिना किसी व्यवधान के पूरा किया गया।
सम्बंधित ख़बरें
दूसरों के बच्चे चुराने के बजाय अपने बच्चों को बड़ा करे भाजपा, शर्मिला ठाकरे का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
महाराष्ट्र विधानसभा का मानसून सत्र 22 जून से; किसानों और कानून-व्यवस्था पर फडणवीस सरकार को घेरेगा विपक्ष
बूंद-बूंद पानी को तरसेगी मुंबई? जलाशयों में खत्म होता जल और नदारद मानसून के बादल, बड़ी चिंता का विषय
पत्रकार के सामने छूटे फडणवीस के पसीने! सीएम देवेंद्र मुस्कुराकर बोले ‘प्लीज, आसान सवाल पूछना’, देखें VIDEO
मेट्रो 6 कई मामलों में विशेष
मेट्रो 6 कॉरिडोर प्रोजेक्ट अपने आप में विशेष है। 14.5 किमी की लंबाई वाले इस एलिवेटेड रुट पर 13 स्टेशन हैं। पिंक लाइन कहे जाने वाले इस मेट्रो के लिए कांजुरमार्ग में 15.2 हेक्टेयर भूमि पर डिपो का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा जेवीएलआर मार्ग पर मेट्रो लाइन 6 के साथ डबल डेकर फ्लाईओवर भी है।
87.7% सिविल कार्य पूर्ण
अब तक मेट्रो 6 का 87.7% सिविल कार्य पूर्ण हो गया। बताया गया कि इस चरण की प्रमुख चुनौतियों में रात्रि के सीमित समय में कार्य करना। लगातार चलती रेल सेवा के बीच नियंत्रित निष्पादन और सतत निगरानी के साथ सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन जरूरी है। रविवार की स्पैन लांचिंग लगभग 10 घंटे के निर्धारित रेलवे ब्लॉक के भीतर पूरी पूरी की गई। इसके लिए 500 टन और 600 टन क्षमता वाले हाइड्रोलिक क्रेनों का समन्वित उपयोग किया गया।
मेट्रो लाइन 6 इंटरचेंज कनेक्टिविटी
मुंबई पश्चिम से पूर्व को जोड़ने वाली इस मेट्रो लाइन 6 इंटरचेंज कनेक्टिविटी से परिपूर्ण होगी। यह आदर्श नगर पर मेट्रो लाइन 2A से जुड़ेगी जबकी जेवीएलआर पर मेट्रो लाइन 7 से जुड़ेगी। सीप्ज क्षेत्र में मेट्रो लाइन 3 और कंजूरमार्ग (पश्चिम) पर मेट्रो लाइन 4 से जुड़ने के अलावा पश्चिम रेलवे के जोगेश्वरी और मध्य रेलवे के कांजुरमार्ग उपनगरीय रेलवे स्टेशनों से जुड़ेगी। इस तरह पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी के साथ स्वामी समर्थ नगर (लोखंडवाला) से विक्रोली को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 6 एक महत्वपूर्ण परियोजना है।
क्या कहा आयुक्त ने
एमएमआरडीए आयुक्त डॉ संजय मुखर्जी के अनुसार मेट्रो लाइन 6 मुंबईकरों के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे जुड़ी जन-अपेक्षाओं से हम भली-भांति अवगत हैं। यह उपलब्धि परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सों में से एक में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है।
कार्य को तेज़ी व सटीकता के साथ आगे बढ़ाने के हमारे प्रयासों को प्रतिबिंबित करती है। इस चरण में हम इस कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। इसके संचालन के बाद यात्रियों का यात्रा समय काफी कम होगा। जेवीएलआर जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होगा। इसके साथ अन्य मेट्रो लाइनों और उपनगरीय रेल नेटवर्क के साथ एकीकृत कनेक्टिविटी मिलेगी।
