Mumbai Metro 3 की एक्वा लाइन पर तकनीकी खराबी, पीक आवर्स में एक घंटे ठप रही सेवा
Mumbai Metro 3 Aqua Line: मुंबई मेट्रो-3 की एक्वा लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण पीक आवर्स में सेवाएं करीब एक घंटे बाधित रहीं। सुरंग में फंसे यात्रियों ने घुटन और सूचना अभाव को लेकर नाराजगी जताई।
- Written By: अपूर्वा नायक
मुंबई मेट्रो एक्वा लाइन (सौ. सोशल मीडिया )
Mumbai Metro 3 Aqua Line News: मुंबई में शुक्रवार को सुबह पीक आवर्स के दौरान मुंबई मेट्रो-3 की एक्वा लाइन पर तकनीकी खराबी के चलते एक ट्रेन बीच रास्ते में अटक गई, जिससे कफ परेड कॉरिडोर पर मेट्रो सेवाएं करीब एक घंटे तक ठप रहीं।
सीएसएमटी समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति और गंभीर तब हो गई, जब मेट्रो प्रशासन की ओर से समय पर कोई स्पष्ट सूचना या घोषणा नहीं की गई, जिससे परेशान यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
मुंबई मेट्रो-3 की ‘एक्वा लाइन’ पर शुक्रवार सुबह आई तकनीकी खराबी ने हजारों यात्रियों की रफ्तार थाम दी। कफ परेड की ओर जा रही एक मेट्रो ट्रेन दो स्टेशनों के बीच अचानक रुक गई, जिसके चलते पूरे भूमिगत कॉरिडोर पर सेवाएं प्रभावित रहीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तकनीकी समस्या उस समय उत्पन्न हुई जब एक ट्रेन बीच रास्ते में फंस गई और आगे नहीं बढ़ सकी।
सम्बंधित ख़बरें
Slum Free Mumbai: मुंबई को झोपड़पट्टी मुक्त बनाने का महा मिशन, महायुति सरकार का 35 लाख घरों का लक्ष्य
मुंबई में फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट रैकेट का खुलासा, बीएमसी रिकॉर्ड से अहम दस्तावेज लापता
मुंबई के जलाशयों में घटा जलस्तर: ठाणे में 10% पानी कटौती लागू, कई इलाकों में प्रभावित होगी जलापूर्ति
15 अगस्त 2026 तक मराठी सीखना होगा अनिवार्य, गैर-मराठी रिक्शा-टैक्सी चालकों को सरकार की चेतावनी
इसके बाद एहतियातन मेट्रो सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। सीएसएमटी स्टेशन पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि ट्रेन के ट्रैक पर रुक जाने के कारण परिचालन प्रभावित हुआ और सेवाओं को बहाल करने में समय लग रहा था।
सेवा ठप होने के दौरान यात्रियों की नाराजगी सबसे ज्यादा इस बात को लेकर रही कि मेट्रो प्रशासन की ओर से समय पर कोई स्पष्ट घोषणा या अपडेट नहीं दिया गया। कई यात्री टिकट काउंटरों और स्टेशन कर्मियों से बहस करते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने और स्टेशन परिसर में भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए सीएसएमटी समेत कुछ स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जाहिर की नाराजगी सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर भी यात्रियों ने अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की। एक यात्री ने लिखा कि पिछले आधे घंटे से सीएसएमटी से एक भी एक्वा लाइन ट्रेन नहीं चली है। न कोई घोषणा हो रही है और न ही कोई मदद मिल रही है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि 30 से 40 मिनट से सेवाएं बाधित हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से यह तक नहीं बताया जा रहा कि सेवा कब शुरू होगी। यात्रियों को बिना सूचना के छोड़ दिया गया है।
अप और डाउन दोनों दिशाओं की सेवाएं हुईं काफी प्रभावित
मिली जानकारी के अनुसार भूमिगत कॉरिडोर की तकनीकी प्रणाली में आई खराबी के कारण अप और डाउन दोनों दिशाओं की सेवाएं काफी प्रभावित हुई। हालांकि, खराबी का सटीक कारण क्या था, इस बारे में मेट्रो प्रशासन ने तत्काल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की। तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर खराबी को दूर करने का काम शुरू किया।
1 घंटे की मशक्कत के बाद शुरू हुई सेवा
- करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मुंबई मेट्रो प्रशासन ने बयान जारी कर बताया कि तकनीकी खराबी दूर कर ली गई है और मेट्रो-3 की सेवाएं अब सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
- मेट्रो प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि तकनीकी खराबी के कारण सुबह अप और डाउन दोनों मार्गों पर मेट्रो-3 की सेवाएं प्रभावित हुई थीं। संबंधित खराबी अब दूर कर दी गई है और सेवाएं पुनः सामान्य रूप से शुरू हो गई हैं।
घुटन का माहौल, यात्रियों में नाराजगी
एक्वा लाइन मेट्रो से सफर कर रहे यात्रियों ने कहा कि जैसे मुर्गियों को दड़वे में बंद कर दिया जाता है, वैसी ही हमारी हालत हो गई थी। दोपहर 12।45 बजे धारावी स्टेशन से शुरू हुआ सफर चर्चगेट पहुंचने में करीब दो घंटे लगा, जिसमें से सवा घंटे तक मेट्रो सुरंग में ही रुकी रही। भूमिगत मार्ग में मोबाइल नेटवर्क न होने से यात्री बाहरी दुनिया से पूरी तरह कट गए। घुटन भरे माहौल, मेट्रो प्रशासन की चुप्पी और कर्मचारियों के गैर जिम्मेदार रवैये से यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई।
ये भी पढ़ें :- मुंबई में फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट रैकेट का खुलासा, बीएमसी रिकॉर्ड से अहम दस्तावेज लापता
व्यवस्था को लेकर बढ़ रही हैं चिंताएं
- गौरतलब है कि मुंबई मेट्रो लाइन-3, जिसे ‘एक्वा लाइन’ के नाम से जाना जाता है। यह शहर की सबसे महत्वाकांक्षी अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है।
- यह भूमिगत कॉरिडोर दक्षिण मुंबई के प्रमुख व्यापारिक और व्यावसायिक केंद्रों को जोड़ता है।
- ऐसे में बार-बार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं ने यात्रियों के बीच परिचालन व्यवस्था और संचार प्रणाली को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी है।
