मुंबई-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस ने पूरे किए 54 साल, आज भी यात्रियों की पहली पसंद
Mumbai Delhi Tejas Rajdhani Express ने 54 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 1972 में शुरू हुई यह प्रीमियम ट्रेन आज भी समयबद्ध सेवा, आधुनिक सुविधाओं और तेज सफर के लिए यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई है।
- Written By: अपूर्वा नायक
मुंबई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (सौ. सोशल मीडिया )
Mumbai Delhi Tejas Rajdhani Express 54 Years Completion: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली को जोड़ने वाली मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस ने अपनी सेवा के 54 गौरवशाली वर्ष पूरे कर इतिहास रच दिया है।
वर्ष 1972 में शुरू हुई यह प्रीमियम ट्रेन आज भी भारतीय रेलवे की सबसे लोकप्रिय, समयबद्ध और भरोसेमंद लंबी दूरी की ट्रेनों में शुमार है। यह ट्रेन लाखों यात्रियों की पहली पसंद बनी हुई है। पांच दशकों से अधिक लंबे सफर वाली यह ट्रेन सेवा नहीं, बल्कि भारतीय रेलवे की प्रगति, आधुनिकता और यात्री विश्वास का प्रतीक बन चुकी है।
बता दें कि 17 मई 1972 को ट्रेन संख्या 151 डाउन और 152 अप के रूप में अपनी पहली यात्रा शुरू करने वाली भारत की दूसरी राजधानी एक्सप्रेस थी। शुरुआत में सप्ताह में दो दिन चलने वाली इस ट्रेन ने बढ़ते यात्री मांग के साथ लगातार विस्तार किया। आज यह दैनिक प्रीमियम सेवा के रूप में संचालित हो रही है।
सम्बंधित ख़बरें
महाराष्ट्र में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में अश्लीलता पर लगेगी रोक, विधानसभा ने मंजूर किया नया कानून
STEMI Maharashtra बना हार्ट अटैक मरीजों की नई उम्मीद, AI से 10 मिनट में पहचान, 1.49 लाख मरीजों का समय पर इलाज
राज्य में ‘मेरा गांव, स्वस्थ गांव’ अभियान को मिली नई रफ्तार, 5,010 स्वास्थ्यकर्मियों को मिला प्रशिक्षण
महाराष्ट्र में ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नई पॉलिसी, 1 अगस्त से ‘डोमिसाइल सर्टिफिकेट’ हुआ अनिवार्य
मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के संचालन में समय-समय पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। अक्टूबर 1981 में ट्रेन के कोचों की संख्या 9 से बढ़ाकर 18 कर दी गई, जिससे अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सकी। इसके बाद नवंबर 1982 में इसे सप्ताह में चार दिन और अप्रैल 1983 तक सप्ताह में पांच दिन संचालित किया जाने लगा।
अक्टूबर 2000 से यह ट्रेन दैनिक शुरू हो गई
यात्रियों की निरंतर बढ़ती संख्या को देखते हुए नवंबर 1989 में इसे सप्ताह में छह दिन चलाने का निर्णय लिया गया और इसके नए नंबर 2951 डाउन और 2952 अप निर्धारित किए गए। वर्ष 1992 में यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए चेयर कार कोचों की जगह थ्री-टियर एसी कोच लगाए गए। अंततः अक्टूबर 2000 में यह ट्रेन मुंबई और नई दिल्ली के बीच दैनिक सेवा बन गई।
बेहतर सुविधाओं का समावेश
वर्ष 2003 में ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच शामिल किए गए, जिससे सुरक्षा, स्थिरता और यात्री आराम में उल्लेखनीय सुधार हुआ। बाद में वर्ष 2009 में ट्रेन को वर्तमान संख्या 12951 और 12952 प्रदान की गई। मुंबई-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस ने 19 जुलाई 2021 को एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की, जब यह भारतीय रेलवे की पहली ट्रेन बनी जिसमें तेजस प्रकार के आधुनिक स्लीपर कोच लगाए गए।
ये भी पढ़ें :- महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, अब मनमाने तरीके से नहीं हो सकेगा स्कूलों का स्थानांतरण
15 घंटे में मुंबई-दिल्ली का सफर
ट्रेन संख्या 12951 मुंबई सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच संचालित होती है। यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से शाम 5 बजे प्रस्थान करती है और अगले दिन सुबह 8.32 बजे नई दिल्ली पहुंचती है। वहीं, ट्रेन संख्या 12952 नई दिल्ली से शाम 4.55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचती है। लगभग 15 घंटे 32 मिनट की यात्रा के दौरान यह ट्रेन बोरीवली, सूरत, वडोदरा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, नागदा जंक्शन और कोटा जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहरती है।
