राजधानी एक्सप्रेस के रेस्क्यू के लिए निकली रेलवे की आपातकालीन वैन खाई में पलटी; 5 रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल

MP News: राजधानी एक्सप्रेस के कोच में आग लगने के बाद राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की C&W वैन शामगढ़-सुवासरा के बीच खाई में पलट गई। हादसे में 5 रेल कर्मचारी गंभीर बताए जा रहे हैं।
Rajdhani Express Fire Rescue Railway Relief Van Overturns 5 Employees Injured
राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग (सोर्स- आईएएनएस)
Updated on

Railway CW Relief Van Accident: राजधानी एक्सप्रेस हादसे के बाद राहत कार्य के लिए भेजी गई रेलवे के कैरेज एंड वैगन (सी एंड डब्ल्यू) विभाग की यातायात वैन खुद दुर्घटना का शिकार हो गई। शामगढ़ और सुवासरा के बीच वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।

हादसे में वैन में सवार पांच रेलवे कर्मचारी घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया है। घायलों में राजेश बोरासी, गणेश, रामपाल, श्यामसिंह और धनसिंह शामिल हैं।

रास्ते में गाय आने की वजह से बिगड़ा कंट्रोल

घायलों में राजेश, गणेश और रामपाल को ज्यादा चोटें आने के कारण प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल तीनों की हालत सामान्य बताई जा रही है। सभी घायल कर्मचारी रेलवे में ग्रुप-डी श्रेणी के हैं और शामगढ़ में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के अनुसार, वैन को गणेश चला रहे थे। रास्ते में अचानक एक गाय आ जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद वैन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ बताया जा रहा है।

राजधानी एक्सप्रेस में सुबह लगी थी आग

राजधानी एक्सप्रेस सुबह करीब 3:45 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना होकर अपने अगले निर्धारित ठहराव कोटा जंक्शन की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 5:15 बजे लूणी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच एसी थ्री-टियर कोच बी-1 में अचानक आग लग गई। कोच में सवार 68 यात्रियों के बीच धुआं फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए रेलवे स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट के भीतर पूरे डिब्बे को खाली करा लिया, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

काफी देर तक रहा दिल्ली-मुंबई मार्ग प्रभावित

राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना के बाद व्यस्त दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कई घंटों तक रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। हादसे के चलते यात्रियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना रहा। स्थिति को देखते हुए पश्चिमी रेलवे ने यात्रियों की मदद और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नागदा, उज्जैन और रतलाम रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com