Mumbai Crime News: 3 जगह 3 वारदातें और नतीजा मौत, एक के बाद एक तीन हत्याओं से दहल उठी मुंबई
Mumbai Crime: दादर, माटुंगा और खेरवाड़ी में 3 अलग-अलग हत्याओं से मुंबई दहल उठी। पार्किंग और रंजिश में गई 3 की जान। पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार।
- Written By: अनिल सिंह
Mumbai Triple Murder Sunday प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Mumbai Triple Murder Sunday: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए पिछला रविवार (12 अप्रैल 2026) बेहद भयावह साबित हुआ। शहर के तीन अलग-अलग इलाकों दादर, माटुंगा और खेरवाड़ी में हुई तीन निर्मम हत्याओं ने पूरे महानगर को झकझोर कर रख दिया है।
मामूली कहासुनी, पार्किंग विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हुई इन वारदातों ने मुंबई की सड़कों पर बढ़ती असुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
दादर: पत्नी के सामने पति को पीट-पीटकर मारा
दादर इलाके में पुरानी दुश्मनी का एक खौफनाक अंत हुआ। 28 वर्षीय अंकुश अंबेकर अपनी पत्नी के साथ दोस्त से मिलने जा रहे थे, तभी सायजी वाडी के पास सात से अधिक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। गौरव सनस और उसके साथियों ने अंकुश की उनकी पत्नी के सामने ही लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर हालत में अंकुश को केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। दादर पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
सम्बंधित ख़बरें
उड़ता महाराष्ट्र नहीं! 25 जून से शुरू होगा ‘नशामुक्त महाराष्ट्र अभियान’, सरकार का एक्शन प्लान तैयार
अमरावती ग्रामीण पुलिस बेड़े में शामिल हुईं 4 अत्याधुनिक ‘चार्ली मोबाइल’ बाइक; SP निकेतन कदम ने दिखाई हरी झंडी
नागपुर वाड़ी की म्हाडा कॉलोनी में सनसनी, बंद घर में 4 दिन पुराने वृद्ध दंपति का मिला शव; इलाके में दहशत
मुंबई-पुणे डेक्कन एक्सप्रेस बीच रास्ते में रुकी, यात्रियों को 2 घंटे तक करना पड़ा इंतजार
ये भी पढ़ें- मुझे दे दो ये मर्सिडीज कार नहीं तो हो जाएगी तुम्हारी मौत, ईडी ने जब्त की खरात की कार, खुला ‘9’ नंबर का रहस्य
माटुंगा: पार्किंग विवाद में बुजुर्ग की जान गई
माटुंगा में हिंसा का कारण महज एक पार्किंग स्थल बना। दादर टाटा पुल के नीचे अपनी गाड़ी खड़ी करने से मना करने पर दो युवकों साहिल घड़गे और शाहबाज शेख ने 65 वर्षीय नरेश वाघेला पर हमला कर दिया। अपनी पत्नी के सामने ही बुजुर्ग वाघेला को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई। माटुंगा पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
खेरवाड़ी: धारदार हथियार से युवक का कत्ल
तीसरी वारदात खेरवाड़ी के कल्पतरु स्पार्कल्स में हुई, जहाँ पुराने विवाद को लेकर अभिनव चौधरी नामक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दो अज्ञात हमलावरों ने अभिनव पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। खेरवाड़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
मुंबई पुलिस ने इन बढ़ती वारदातों को देखते हुए शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त (Patrolling) बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मामूली विवादों में कानून हाथ में न लें। एक ही दिन में हुई इन तीन मौतों से मुंबईवासी सदमे में हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
