मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, आशिष शेलार (pic credit; social media)
Maharashtra News: मुंबई बीजेपी के नए अध्यक्ष अमित साटम ने मंगलवार को दादर स्थित केंद्रीय कार्यालय में पदभार संभाला। इस मौके पर राज्य के कैबिनेट मंत्री और मुंबई बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, विधायक संजय उपाध्याय, विधायक चित्रा वाघ, पवन त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार से जिम्मेदारी ग्रहण करने के बाद अमित साटम ने कहा कि वे नई ऊर्जा और उत्साह के साथ पार्टी संगठन को मजबूत करेंगे और मुंबई महानगरपालिका पर महायुति का भगवा ध्वज फहराएंगे। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी बीएमसी चुनाव हम महायुति के रूप में लड़ेंगे और मुंबई का महापौर महायुति से ही होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य और मुंबई में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। साटम ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मेट्रो, अटल सेतु, कोस्टल रोड, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सीसीटीवी कैमरा प्रोजेक्ट और बीडीडी चाल पुनर्विकास जैसे कई बड़े काम पूरे हुए हैं। मराठी लोगों को उनके ही स्थान पर घर उपलब्ध कराने का प्रयास हुआ है। इसी तर्ज पर अब मुंबई महानगरपालिका के माध्यम से मुंबईकरों को विकास का नया अध्याय देखने को मिलेगा।
साटम ने यह भी कहा कि चुनाव में कौन साथ आता है और कौन नहीं, यह मुद्दा नहीं है। असली सवाल यह है कि मराठी लोगों और मुंबईकरों के विकास के लिए काम किसने किया। उन्होंने कहा कि मराठी माणूस का हृदय विशाल है और इस शहर में देश के कोने-कोने से आकर रहने वाले और मराठी भाषा बोलने वाले सभी लोग मराठी हैं। उन्होंने उन लोगों पर निशाना साधा जो, उनके अनुसार, स्तरहीन राजनीति कर मराठियों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
नवनियुक्त अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि मुंबईकर महायुति पर विश्वास जताते हुए बीएमसी चुनाव में विकास की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे।