MMRDA budget 2026, Mumbai (सोर्सः सोशल मीडिया)
Mumbai 3.0 Development: मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने वर्ष 2017-18 के बाद पहली बार सरप्लस बजट पेश किया है। सोमवार को 48,072.57 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत करते हुए वित्तीय मजबूती और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति देने पर जोर दिया गया। इस बजट की 87 प्रतिशत राशि विभिन्न विकास परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी। पिछले तीन वर्षों के वित्तीय अनुशासन और सतत प्रयासों के कारण वर्ष 2024-25 में 7,468 करोड़ रुपये के घाटे वाले बजट को चालू वित्तीय वर्ष में अधिशेष (सरप्लस) में बदलने का लक्ष्य रखा गया है।
48,072.57 करोड़ रुपये की अनुमानित आय और 48,072.40 करोड़ रुपये के प्रस्तावित व्यय के साथ 17 लाख रुपये के सरप्लस का अनुमान है। यह अधिशेष भूमि के बेहतर उपयोग, अर्बन ट्रांसपोर्ट फंड (यूटीएफ) की मजबूती, परियोजना-आधारित राजस्व में वृद्धि, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और वित्तीय संस्थाओं से जुटाई गई पूंजी का परिणाम बताया गया है।
कुल 42,026.14 करोड़ रुपये (87.42%) विकास योजनाओं और परियोजनाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 का प्रस्तावित बजट 2025-26 के संशोधित अनुमान 30,316.18 करोड़ रुपये की तुलना में 58.57% अधिक है, जबकि प्रस्तावित व्यय पिछले वर्ष के 31,313.13 करोड़ रुपये से 53.52% ज्यादा है।
एमएमआरडीए के अध्यक्ष एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में एमडी डॉ. संजय मुखर्जी ने बजट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे 2017-18 के बाद पहला सरप्लस बजट बताते हुए महत्वपूर्ण उपलब्धि कहा।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि बजट का 87 प्रतिशत हिस्सा परियोजनाओं के लिए निर्धारित होने से पूरे एमएमआर क्षेत्र को ग्रोथ हब बनाने में मदद मिलेगी। डॉ. संजय मुखर्जी ने कहा कि यह बजट वित्तीय अनुशासन और संतुलित पूंजी प्रबंधन का परिणाम है।
प्रमुख आवंटन (संक्षेप में)
एमटीएचएल लिंक, ठाणे कोस्टल रोड, वर्ली-शिवड़ी एलिवेटेड कॉरिडोर, मुंबई-वधावन एक्सप्रेसवे कॉरिडोर, ईस्टर्न फ्रीवे विस्तार सहित कई परियोजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
एमएमआर क्षेत्र में मेट्रो विस्तार के लिए कुल 13,838.88 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें मेट्रो लाइन 2ए, 2बी, 4, 5, 6, 7, 9, 10, 12, 13 और 14 शामिल हैं।
झुग्गी पुनर्विकास, रेंटल हाउसिंग, जल आपूर्ति योजनाएं, ग्रीन एमएमआर, इंदु मिल स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और बालासाहेब ठाकरे राष्ट्रीय स्मारक के लिए भी बजट आवंटित किया गया है।