
Maharashtra Top 10 Updates: मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटिल ने जालना के अंतरवाली सराटी में अपना 12वां अनशन शुरू कर दिया है, जिसे उन्होंने निर्णायक आमरण अनशन घोषित किया। वहीं, मुंबई एयरपोर्ट पर DRI की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 'ऑपरेशन मिडनाइट गोल्डस्ट्राइक' के तहत 10.75 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है।
इधर ठाणे में प्रस्तावित इंटरनल रिंग मेट्रो का विरोध तेज हो गया है, जबकि कर्जत रेलवे स्टेशन पर खड़ी कोयना एक्सप्रेस में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। इसके अलावा, चंद्रपुर में बाघ के हमले से एक युवक की दुखद मौत हो गई।
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटिल ने जालना के अंतरवाली सराटी में एक बार फिर अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने अपने इस 12वें अनशन को निर्णायक आमरण अनशन घोषित किया है।
कर्जत रेलवे स्टेशन पर शनिवार को कोयना एक्सप्रेस से अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ और रेलवे पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला।
छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर DRI की मुंबई क्षेत्रीय इकाई ने एक बहुत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे सोने की तस्करी के गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस बेहद गुप्त और योजनाबद्ध तरीके से चलाए गए ऑपरेशन मिडनाईट गोल्डस्ट्राइक के दौरान अधिकारियों ने 10.75 करोड़ रुपये की कीमत का 6.859 किलोग्राम शुद्ध 24-कैरेट सोना जब्त करने में सफलता हासिल की है।
राज्य के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की हत्वकांक्षी परियोजनाओं में शामिल ठाणे इंटरनल रिंग मेट्रो परियोजना का विरोध थमने की बजे बढ़ता ही जा रहा है। इस परियोजना के खिलाफ रविवार, 30 अगस्त को नागरिक सड़कों पर उतरकर हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे।
चंद्रपुर ताडोबा के मोहली वन परिक्षेत्र में शनिवार दोपहर मवेशी चराने गए एक युवक पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय मधुकर मेश्राम (25), निवासी जुनोना के रूप में हुई है। घटना से जुनोना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
नागपुर के काटोल रोड पर स्थित लड़कियों के शासकीय छात्रावास में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जलालखेड़ा के मारावाड़ी गांव की रहने वाली एक 17 वर्षीय किशोरी ने छात्रावास परिसर के भीतर ही विष प्राशन कर लिया। परिजनों के साथ न रखने के फैसले के बाद 24 अगस्त को कारंजा पुलिस ने उसे शासकीय संरक्षण में इस छात्रावास में दाखिल कराया था। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। संजय राउत ने कहा, मोहन भागवत ने न्यूयॉर्क में जो बयान दिया कि जो मुसलमानों से नफरत करता है या चाहता है कि मुसलमानों को भारत से निकाल दिया जाए, वह हिंदू नहीं है, और ऐसे व्यक्ति को हिंदू नहीं कहा जा सकता, यह एक महत्वपूर्ण बयान है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज नागपुर स्थित बालासाहेब ठाकरे गोरेवाडा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान का दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस विशेष दौरे के दौरान मुख्यमंत्री फडणवीस ने उद्यान का भ्रमण करते हुए वहां वन्यजीवों को करीब से देखने और वन्यजीव निरीक्षण का भरपूर आनंद उठाया।
जुलाई आखिर से अगस्त के पहले पखवाड़े तक गिरे हुए तुअर फसल के दरो में अब फिर से उछाल आकर खुले बाजार में तुअर के दर आठ हजार रुपये प्रतिक्विंटल के पार हो गए है। कारंजा व वाशिम बाजार समिति में तुअर को इस वर्ष के वर्ष 2025-26 के समर्थन मूल्य से 175 से 200 रुपयों तक अधिक दर मिल रहे है।
बीएमसी द्वारा संचालित कूपर और सायन अस्पतालों के लिए जरूरी एक्स-रे मशीनों की खरीद में करीब दो साल की देरी को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक रईस शेख ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले में तत्कालीन अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त विपिन शर्मा की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। विधायक ने इस संबंध में मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे को पत्र लिखकर मामले की गंभीरता से जांच करने का आग्रह किया है।