विधानसभा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Maharashtra Amendment Bill 2026 News: राज्य में बढ़ते शहरीकरण और उसके साथ बढ़ते वाहनों से प्रदूषण की समस्या को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण के उपाय किए जा रहे हैं। इसके साथ राजस्व बढ़ाने की दिशा में महाराष्ट्र विधानसभा ने “महाराष्ट्र मोटर वाहन कर (संशोधन) विधेयक, 2026” को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि इस कानून का उद्देश्य प्रदूषण पर नियंत्रण और ग्रीन परिवहन को बढ़ावा देना है। नए प्रावधानों के तहत पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर पर्यावरण कर में काफी बढ़ोतरी की गई है।
अब दोपहिया वाहनों पर यह कर 2,000 से बढ़ाकर 4,000, पेट्रोल वाहनों पर 3,000 से 6,000 और डीजल वाहनों पर 3,500 से 7,000 कर दिया गया है। यह कर पांच साल के लिए एकमुश्त लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- मध्य पूर्व युद्ध की मार पुणे के किसानों पर: निर्यात के 50 कंटेनर लौटे वापस, करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका
सरकार का अनुमान है कि इस संशोधन से राज्य को हर साल करीब 160 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। इस राशि का उपयोग सड़क सुरक्षा, उन्नत परिवहन प्रणाली, एटीएस सुविधाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर किया जाएगा। विधेयक में औद्योगिक क्षेत्र को राहत देते हुए क्रेन वाहनों पर मोटर वाहन कर की अधिकतम सीमा 30 लाख तय की गई है। इससे निर्माण और बुनियादी ढांचा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सरकार का मानना है कि इस कदम से नागरिकों को बीएस-6 और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी। सरकार अब शून्य कॉर्बन उत्सर्जन वाले इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से बढ़ावा दे रही है। परिवहन मंत्री ने कहा कि एसटी की बेड़े में धीरे धीरे डीजल बसों को हटाकर इलेक्ट्रिक बसें ही लाने की योजना है।