इकबाल सिंह चहल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
BMC Commissioner: भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी एवं बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के पूर्व आयुक्त इकबाल सिंह चहल को महाराष्ट्र सरकार की ‘मुंबई पुलिस हाउसिंग टाउनशिप’ परियोजना का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पद राज्य मंत्री के दर्जे का होगा।
बुधवार को जारी एक शासकीय आदेश (जीआर) के अनुसार, फिलहाल अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) के तौर पर प्रभार संभाल रहे चहल इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त होंगे जिसके बाद वह मुंबई पुलिस आवासीय परियोजना का कार्यभार संभालेंगे। बीएमसी के पूर्व आयुक्त चहल पिछले साल मुख्य सचिव बनने की दौड़ में राजेश अग्रवाल से हार गए थे।
‘मुंबई पुलिस हाउसिंग टाउनशिप’ परियोजना का उद्देश्य सुरक्षा कर्मियों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है ताकि पुलिस बल का बेहतर जीवन स्तर और कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। परियोजना में बड़े पैमाने पर योजना बनाना, भूमि अधिग्रहण, कई सरकारी एजेंसी के साथ समन्वय, आधारभूत ढांचे का विकास, वित्तीय प्रबंधन और समयबद्ध क्रियान्वयन शामिल है जिसके लिए उच्च स्तरीय प्रशासनिक अनुभव एवं विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है।
जीआर में कहा गया है कि सरकार इस परियोजना के सफल एवं समय पर क्रियान्वयन के लिए रणनीतिक नेतृत्व, निगरानी और समन्वय उपलब्ध कराने के वास्ते उचित प्रशासनिक क्षमता वाले सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति को उपयुक्त एवं आवश्यक मानती है।
इसमें कहा गया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल सिंह चहल के पास प्रशासन, परियोजना प्रबंधन, केंद्र एवं राज्य की विभिन्न एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित करने का व्यापक अनुभव है और 36 वर्षों से अधिक की सार्वजनिक सेवा का उनका रिकॉर्ड बेदाग है। चहल 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें – CM फडणवीस के गढ़ में बनेगी महिला महापौर, देखें विदर्भ में मनपा आरक्षण की पूरी लिस्ट
शासकीय आदेश में कहा गया है, ‘‘उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद एक फरवरी, 2026 से ‘मुंबई पुलिस हाउसिंग टाउनशिप’ परियोजना के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया जाता है।” जीआर के अनुसार, यह नियुक्ति महाराष्ट्र सरकार में राज्य मंत्री के समकक्ष दर्जे की होगी। कोरोना वायरस महामारी के दौरान बीएमसी आयुक्त के रूप में कार्य करने के अलावा चहल मुख्यमंत्री कार्यालय में भी एक पद संभाल चुके हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)