

महाराष्ट्र में गन्ना मजदूरों के बच्चों के लिए विशेष बालसंजीवनी अभियान चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें चीनी मिलों और अस्थायी बस्तियों तक सीधे पहुंचेंगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कुपोषण और एनीमिया की जांच करना है।
Meghna Bordikar On Maharashtra Sugarcane Workers: महाराष्ट्र में गन्ना कटाई के लिए अपने गांवों से दूर जाने वाले मजदूरों के बच्चों को अब उनके अस्थायी ठिकानों पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से 'बालसंजीवनी' विशेष अभियान चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना साकोरे बोर्डीकर ने गन्ना मजदूरों के बच्चों की विशेष स्वास्थ्य जांच करने और उन्हें जरूरी उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत चीनी मिल परिसरों और गन्ने के खेतों के आसपास बनी अस्थायी बस्तियों तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचेंगी।
महाराष्ट्र राज्य के विभिन्न हिस्सों में चीनी मिलों का गन्ना पेराई सत्र शुरू हो चुका है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में मजदूर गन्ना कटाई के लिए अपने परिवारों के साथ घरों से बाहर निकल गए हैं। इन मजदूरों के साथ उनके छोटे बच्चे भी अस्थायी बस्तियों और खेतों में बने पालों में रहते हैं। ऐसे में बच्चों को नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और इलाज की सुविधा मिलना मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए 'बालसंजीवनी' अभियान शुरू किया जा रहा है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत दूसरे क्षेत्रों से आए मजदूरों के प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसमें कुपोषण, एनीमिया यानी खून की कमी, बाल विकास में देरी, जन्मजात विकार और संक्रामक बीमारियों की पहचान की जाएगी। जांच के दौरान किसी बच्चे में बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या मिलने पर आवश्यक उपचार की व्यवस्था भी की जाएगी।
अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए स्थानीय स्वास्थ्य कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवकों, आशा स्वयंसेविकाओं और आंगनवाड़ी सेविकाओं को शामिल किया जाएगा। संबंधित चीनी मिलों के प्रबंधन का भी सहयोग लिया जाएगा। राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर ने राज्य के प्रधान सचिव को लिखित निर्देश देकर सभी चीनी मिलों की सूची तैयार करने, मजदूरों के अस्थायी ठिकानों का सर्वेक्षण करने और वहीं जरूरी टीकाकरण की व्यवस्था करने को कहा है।
राज्यमंत्री मेघना साकोरे बोर्डीकर ने कहा कि गन्ना मजदूर कई महीनों तक अपने घरों से दूर रहते हैं। ऐसे में उनके साथ रहने वाले बच्चों को बीमारी होने पर अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना मजदूरों के लिए मुश्किल हो जाता है। काम की व्यस्तता के कारण बच्चों के नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच पर भी ध्यान नहीं दिया जा पाता। उन्होंने कहा कि 'बालसंजीवनी' अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके रहने के स्थान पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और बीमारी के समय मजदूर परिवारों की होने वाली परेशानी को कम करना है।