Kalyan Dombivli Infrastructur (सोर्सः सोशल मीडिया)
Kalyan Dombivli Infrastructure: कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका का आर्थिक वर्ष 2026-27 के लिए 3,186.60 करोड़ रुपये का बजट आयुक्त अभिनव गोयल ने महासभा में पेश किया। इस बजट में किसी भी प्रकार की कर वृद्धि नहीं की गई है। जबकि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया गया है। नए बजट में 3,186.49 करोड़ रुपये खर्च 3,186.60 करोड़ रुपये आय का प्रावधान है। आयुक्त ने बजट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 के संशोधित बजट में 2,744.99 करोड़ रुपये आय और 2,172.22 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान था, जबकि नए बजट में 10 लाख की बचत बताई गई है।
हालांकि, इतने बड़े बजट के बावजूद अग्निशमन विभाग के आधुनिकीकरण या संसाधनों को लेकर कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है। कुछ विकास कार्यों के लिए मनपा ने 200 करोड़ का बांड जारी कर राशि इकट्ठा करने की योजना बनाई है। इस बार का बजट इसलिए भी खास रहा क्योंकि स्थायी समिति का गठन नहीं होने के चलते इसे सीधे महासभा में पेश किया गया। राजनीतिक खींचतान के कारण स्थायी समिति के सभापति का चुनाव अभी तक नहीं हो पाया है।
आयुक्त ने कहा कि नगरपालिका की आय का सबसे बड़ा आधार संपत्ति कर रहेगा। जिससे इस वर्ष 600 करोड़ रुपये से अधिक वसूली का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा स्टाम्प ड्यूटी और जीएसटी से करीब 510 करोड़ विशेष अधिनियम से 526 करोड़,पानी कर से 101 करोड़,सरकारी अनुदान से 115 करोड़, अन्य स्रोतों से 28 करोड़ रुपये आय का अनुमान है। वहीं केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से 829 करोड़ रुपये से अधिक अनुदान मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बजट में शहर की सड़कों को मजबूत करने के लिए कई प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में नई सड़कें, कंक्रीटीकरण और चौड़ीकरण के काम प्रस्तावित हैं। साथ ही रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर, कोपर क्षेत्र में अतिरिक्त पुल और अन्य सड़क परियोजनाएं भी योजना में शामिल हैं, जिससे ट्रैफिक समस्या कम करने की कोशिश की जाएगी।
शहर में पानी सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए नए जल टैंक, पंपिंग सिस्टम और पाइपलाइन का काम प्रस्तावित है। पानी सप्लाई को डिजिटल सिस्टम से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है, जिससे नियंत्रण और निगरानी बेहतर हो सके। इसके अलावा 27 गांवों और अन्य क्षेत्रों में पानी और सीवरेज से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट लागू किए जाएंगे।
नगर स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने, नए क्लासरूम बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन देने की योजना छात्रों के लिए हेल्थ और खेल सुविधाएं बढ़ाने पर जोर महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों का विकास
शहर में नए उद्यान विकसित करने, पुराने बगीचों को सुधारने और हरित क्षेत्र बढ़ाने की योजना बनाई गई है। कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक तकनीक आधारित प्रोजेक्ट, जैसे कचरे से ऊर्जा बनाने और बायो-सीएनजी प्लांट भी प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़े: ईरान का साथ न देकर भारत ने की गलती? राज ठाकरे ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, बताया क्या होगा अंजाम
शहर के कई हिस्सों में स्मशान घाटों के पुनर्निर्माण और नए निर्माण का काम किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी, स्वच्छ शौचालय और अन्य नागरिक सुविधाएं बढ़ाने का भी प्रावधान है।
नगरपालिका प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम, नेटवर्किंग, ऑनलाइन सेवाएं, व्हाट्सऐप चैटबॉट और डेटा मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की योजना है।
बड़े प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए मनपा 200 करोड़ रुपये के बॉन्ड जारी कर फंड जुटाने की तैयारी में है।
बजट पेश होते ही पार्षदों ने अपने-अपने मुद्दे उठाए। शिवसेना (शिंदे गुट) के नगरसेवक सचिन पोटे ने पार्षद निधि का उल्लेख न होने पर सवाल उठाया, जबकि भाजपा के मंदार हलबे ने बजट के अध्ययन के लिए समय देने की मांग की। वहीं सभागृह नेता वरुण पाटील ने प्रत्येक नगरसेवक को 2 करोड़ रुपये का निधि देने की मांग रखते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में कई काम लंबित रहे हैं।