अब मुंबई में फकीर बाबा का घिनौना कांड, महिलाओं को बेहोश करके करता था यौन शोषण, कांदिवली से गिरफ्तार
Mumbai Fakir Baba Case: कांदिवली में फर्जी फकीर इरफान अहमद गिरफ्तार। तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं को बेहोश कर यौन शोषण करने का आरोप। जांच जारी।
- Written By: अनिल सिंह
Kandivali Fakir Baba Irfan Ahmed
Kandivali Fakir Baba Irfan Ahmed: महाराष्ट्र में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं के शोषण की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नासिक के कुख्यात फर्जी तांत्रिक खरात का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के कांदिवली इलाके से एक और घिनौना कांड सामने आया है। यहाँ एक फर्जी ‘फकीर बाबा’ ने समस्याओं के समाधान का झांसा देकर एक महिला और उसकी दो जवान बेटियों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और फिर उनके साथ यौन उत्पीड़न जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
इस फर्जी फकीर बाबा की पहचान 34 वर्षीय इरफान नियाज अहमद के रूप में हुई है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला इरफान पिछले कई वर्षों से मुंबई में रहकर खुद को ‘फकीर बाबा’ बताता था और भोली-भाली महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस जांच में पता चला है कि वह लोगों की पारिवारिक समस्याओं का फायदा उठाकर उन्हें तंत्र-मंत्र की विधियों में उलझाता था।
बेहोश कर दिया वारदात को अंजाम
घटना का खुलासा तब हुआ जब कांदिवली की एक पीड़ित महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी इरफान ने महिला को डराया था कि उसके पति की मृत्यु के पीछे उसी की गलती है और इसे सुधारने के लिए एक विशेष ‘विधि’ करनी होगी। इसी अनुष्ठान के बहाने आरोपी महिला के घर पहुँचा और उसने महिला व उसकी दो बेटियों को कोई नशीली चीज़ पिला दी। जैसे ही तीनों बेहोश हुईं, आरोपी ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण शुरू कर दिया। होश आने पर पीड़ितों को अपनी आपबीती का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
सम्बंधित ख़बरें
Bhandara News: भंडारा में पशु चिकित्सा व्यवस्था बेहाल, 194 स्वीकृत पदों में केवल 68 पर नियुक्ति
नागपुर में बढ़ा गैंगवार का खतरा: इंदौर की लाला कंपनी फैला रही नेटवर्क, सोशल मीडिया पर युवा को भटकाने की साजिश
वर्धा महाआरोग्य शिविर में 6,608 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, हजारों मरीजों को मिला लाभ
जैसी करनी वैसी भरनी, समुद्र ने मुंबई को दिया 2500 मीट्रिक टन कचरे का गिफ्ट, कूड़ों से पटी चौपाटी
अशोक खरात कांड की यादें ताजा
मुंबई की इस घटना ने हाल ही में चर्चा में आए नासिक के फर्जी तांत्रिक अशोक खरात के मामले की यादें ताजा कर दी हैं। खरात पर भी तंत्र-मंत्र की आड़ में महिलाओं के यौन शोषण और हजारों करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति बनाने के आरोप हैं, जिसकी जांच के दौरान कई बड़े राजनीतिक नेताओं के नाम भी उछले हैं। कांदिवली की इस ताजी घटना ने यह साफ कर दिया है कि समाज में ‘धर्म’ और ‘उपाय’ के नाम पर बाबाओं का यह काला साम्राज्य किस कदर फैला हुआ है।
पुलिसिया कार्रवाई और धाराएं
कांदिवली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी इरफान नियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (पूर्ववर्ती IPC की धारा 74, 78, 123 आदि) के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पुलिस उससे यह पूछताछ कर रही है कि क्या उसने इस तरह की वारदातों को अन्य महिलाओं के साथ भी अंजाम दिया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।
