
Municipal corporator agend (सोर्सः सोशल मीडिया)
BMC Election Result 2026: जोगेश्वरी विधानसभा क्षेत्र में मनपा के कुल आठ वार्ड शामिल हैं। इनमें वार्ड क्रमांक 72 और 79 के कुछ हिस्से अंधेरी (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। इस विधानसभा क्षेत्र के सभी आठों वार्ड महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद अधिकांश नेताओं ने अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतारा, जो जीतने में भी सफल रहीं।
2017 के मनपा चुनाव में भाजपा के तीन उम्मीदवार-वार्ड 52 से प्रीति साटम, वार्ड 72 से पंकज यादव और वार्ड 74 से उज्ज्वला मोडक-जीतकर आए थे, लेकिन इस बार भाजपा का आंकड़ा सिमटकर दो पर रह गया है। शिवसेना में विभाजन के बावजूद शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने अपनी जीत का आंकड़ा चार पर बरकरार रखा है।
वार्ड क्रमांक 74 में मनसे उम्मीदवार विद्या भरत आर्या कांगने ने भाजपा की चार बार की नगरसेविका उज्ज्वला मोडक को हराकर स्थानीय स्तर पर भाजपा की राजनीति को बड़ा झटका दिया है। वहीं वार्ड क्रमांक 73 में क्षेत्रीय सांसद रवींद्र वायकर की पुत्री दीप्ति वायकर पोतनीस को शिवसेना (उद्धव गुट) की लोना राजेंद्र सिंह रावत ने पराजित कर शिवसेना (शिंदे गुट) को राजनीतिक नुकसान पहुंचाया। वार्ड क्रमांक 78 में शिवसेना (शिंदे गुट) की उम्मीदवार जीत दर्ज करने में सफल रही।
जोगेश्वरी विधानसभा क्षेत्र में झोपड़पट्टियों की संख्या अधिक है। जनसंख्या के अनुपात में शौचालयों की संख्या कम है। इमारती इलाकों में जहां साफ-सफाई की स्थिति बेहतर है, वहीं झोपड़पट्टियों में जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर मनपा के स्वच्छता अभियान की पोल खोलते नजर आते हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी चिंताजनक है। मनपा संचालित बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा हॉस्पिटल डॉक्टरों की कमी और अपर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के कारण जूझ रहा है। हालांकि क्षेत्र के गार्डनों का रखरखाव संतोषजनक है।
झोपड़पट्टियों में पेयजल संकट बना हुआ है। कहीं रात में तो कहीं सुबह पानी की आपूर्ति होने से नागरिकों को काफी परेशानी होती है। इस क्षेत्र की सबसे बड़ी चुनौती ट्रैफिक जाम और सीमित पार्किंग की समस्या है। फ्लाईओवर पर यातायात के शोर को रोकने के लिए ध्वनि अवरोधक लगाने की मांग भी उठ रही है। बारिश के दौरान जलभराव, फुटपाथों पर अतिक्रमण और कूड़ा प्रबंधन की कमी भी प्रमुख समस्याओं में शामिल हैं।
ये भी पढ़े: Saksham Mahotsav में मंगल प्रभात लोढ़ा का आह्वान, तेल-गैस संरक्षण से साकार होगा विकसित भारत 2047 का सपना
ममता पंकज यादव (नगरसेविका, वार्ड 72):
हमारे क्षेत्र में सीसी रोड और फुटपाथ का काम लगभग पूरा हो चुका है। पेयजल की समस्या नहीं है, हालांकि कुछ जगहों पर आपूर्ति के नियोजन पर काम चल रहा है। अनधिकृत फेरीवालों के कारण यातायात प्रभावित होता है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी। अवैध पार्किंग पर रोक लगाकर क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
लोना राजेंद्र सिंह रावत (नगरसेविका, वार्ड 73):
क्षेत्र में महिला शौचालयों की कमी है। फुटपाथों पर टाइल्स लगाने के साथ पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाना प्राथमिकता होगी। झोपड़पट्टी बहुल इलाके में साफ-सफाई हमारी पहली जिम्मेदारी है।
मानसी मधुकर जुवाटकर (नगरसेविका, वार्ड 79):
पेयजल आपूर्ति सुधारने के साथ-साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मालपा डोंगरी और पंप हाउस क्षेत्र के नालों की सफाई जरूरी है। झोपड़पट्टी और इमारती क्षेत्रों का विकास स्थानीय लोगों के विश्वास में लेकर किया जाएगा।
सोफी नाजिया अब्दुल जब्बार (नगरसेविका, वार्ड 78):
क्षेत्र में पेयजल की समस्या है, जिसे प्राथमिकता से हल किया जाएगा। गंदगी मुक्त क्षेत्र, बेहतर सड़कें और फुटपाथ बनाए जाएंगे। झोपड़पट्टियों में गटर और नालों की सफाई भी प्रमुख एजेंडा है।
(इनपुट: गंगाराम विश्वकर्मा )






