गैंगस्टर रॉयल सिंह (pic credit; social media)
Gangster Royal Singh arrested from Mumbai: जम्मू-कश्मीर का कुख्यात गैंगस्टर रॉयल सिंह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हत्या, जबरन वसूली और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित यह अपराधी मुंबई के वर्ली इलाके से गिरफ्तार किया गया। मुंबई पुलिस ने जम्मू पुलिस की विशेष टीम की मदद से उसे दबोचा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रॉयल सिंह पर जम्मू-कश्मीर में शत्रु अधिनियम (Enemy Act) के तहत मामला दर्ज था। इसी मामले के बाद से वह फरार चल रहा था और लंबे समय से मुंबई में छिपा हुआ था।
रॉयल सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद खतरनाक रहा है। पुलिस के अनुसार, वह हत्या और गैंगवार में लिप्त रहा है। गैंगस्टर राजेश डोगरा की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। इस वारदात के बाद मोहाली पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया था।
इतना ही नहीं, साल 2009 में पूर्व एमएलसी अमनदीप सिंह के बेटे की हत्या में भी रॉयल सिंह का नाम जुड़ा था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से वह लगातार पुलिस के राडार पर था। लेकिन हर बार वह गिरफ्तारी से बच निकलता था।
इसे भी पढ़ें- गैंगस्टर छोटा राजन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, जया शेट्टी मर्डर केस में जमानत रद्द
जम्मू पुलिस का कहना है कि रॉयल सिंह न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि सीमा पार के अपराध सिंडिकेट से भी जुड़ा हुआ था। उसका गैंग ड्रग्स तस्करी और जबरन वसूली जैसे अपराधों के जरिए सक्रिय था। उसके आतंक की वजह से जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कई इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
मुंबई पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि रॉयल सिंह शहर में नकली पहचान का इस्तेमाल कर रह रहा था। उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया और वर्ली से गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद अब रॉयल सिंह को जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले किया जाएगा। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से कई पुराने मामलों की गुत्थी सुलझ सकती है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और मुंबई पुलिस दोनों ने राहत की सांस ली है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में रॉयल सिंह से पूछताछ के दौरान और भी सनसनीखेज खुलासे हो सकते हैं।