कांदिवली में गैस सिलेंडर ब्लास्ट (pic credit; social media)
Mumbai Cylinder Blast: कांदिवली पूर्व स्थित अकूलों इलाके में बुधवार सुबह एक कैटरिंग दुकान में जोरदार गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से 7 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में एक पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। उनके नाम हैं शिवानी गांधी (51), रक्षा जोशी (47), नीतू गुप्ता (31), मानाराम कुमाकट (55), दुर्गा गुप्ता (30), पूनम (28) और जानकी गुप्ता (37)। सभी घायलों का इलाज कामगार और मनपा के शताब्दी अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिवानी गांधी की किराए की दुकान में सुबह उनका एक कर्मचारी खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर चालू कर रहा था। चंद सेकंड में ही वहां जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि दुकान के सामने खड़ा एक स्कूटर भी आग की चपेट में आकर जल गया।
घटना के तुरंत बाद आग फैल गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग लगने से पहले ही गैस सिलेंडर में रिसाव की गंध महसूस की जा रही थी। धमाका होते ही दुकान में मौजूद सभी लोग आग की जद में आ गए। पड़ोसी जय प्रकाश मिस्त्री और अन्य स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की।
इसे भी पढ़ें- सिलेंडर ब्लास्ट ने ली 8 साल के मासूम की जान, 12 लोग गंभीर रूप से घायल, अचानक गिरी छत..
घायलों को पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर स्थिति के कारण नीतू, जानकी और मानाराम को सुबह करीब 11:30 बजे एरोली अस्पताल के लिए रेफर किया गया। आग पर स्थानीय अग्निशमन दल ने तुरंत काबू पाया।
स्थानीय लोग और प्रशासन इस हादसे को गंभीर मानते हुए दुकान में सुरक्षा नियमों और गैस सिलेंडर की जांच पर जोर दे रहे हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सभी कैटरिंग और रेस्टोरेंट मालिक अपने गैस सिलेंडरों की नियमित जांच कराएं ताकि इस तरह की दुर्घटनाएं दोबारा न हों।
इस हादसे से कांदिवली इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर में रिसाव और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना ने एक बार फिर आग और गैस सिलेंडरों की सुरक्षा को लेकर लोगों को सावधान किया है। प्रशासन ने कहा कि हादसे की पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।