महाराष्ट्र में HSRP नंबर प्लेट पर सख्ती: 6,718 वाहनों पर लगा जुर्माना; ऑनलाइन स्लॉट के लिए 3 हफ्ते का वेटिंग
Maharashtra HSRP Number Plate: महाराष्ट्र में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) न लगाने पर 6,718 वाहनों पर कार्रवाई, ₹8 लाख का जुर्माना वसूला। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के लिए करना पड़ रहा लंबा इंतजार।
- Written By: रूपम सिंह
महाराष्ट्र में HSRP नंबर प्लेट पर सख्ती (सोर्स: सोशल मीडिया)
Maharashtra High Security Registration Plate: हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट अनिवार्य किए जाने के बाद नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती बरतते हुए राज्यव्यापी विशेष अभियान चला रही है। एक जुलाई से शुरू हुई इस कार्रवाई के तहत अब तक 15,645 वाहनों की जांच की गई, जिनमें एचएसआरपी नंबर प्लेट न होने पर 6,718 वाहन मालिकों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 8 लाख रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचएसआरपी नंबर प्लेट न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वाहनों से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने, सड़क पर दौड़ रहे वाहनों की तुरंत पहचान सुनिश्चित करने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और फर्जीवाड़ा रोकने के उद्देश्य से हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लागू की गई है।
परिवहन विभाग ने अप्रैल 2019 से पहले निर्मित सभी वाहनों पर भी एचएसआरपी लगाना अनिवार्य किया था। इसके लिए तीन अधिकृत कंपनियों की नियुक्ति की गई है। विभाग-1 के लिए रोजमर्टा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, विभाग-2 के लिए रियल इंडस्ट्रीज लिमिटेड और विभाग-3 के लिए एफटीए एचएसआरपी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा में मानव विकास कार्यक्रम बंद, हजारों छात्राओं और महिलाओं पर पड़ेगा असर
अमित शाह कहें तो एक पैर पर खड़े हो जाएंगे शिंदे… कन्हैया कुमार का हमला, बोले- शाह के पास सरेंडर है सरकार
नागपुर: कलमना की अगरबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग, 6 दमकलों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
वर्धा में देह व्यापार पर पुलिस का शिकंजा, 4 पीड़ित महिलाओं को कराया मुक्त
राज्य सरकार ने एचएसआरपी लगाने के शुल्क भी निर्धारित किए हैं। जीएसटी छोड़कर फिटमेंट शुल्क सहित दोपहिया वाहनों के लिए 450 रुपए, तिपहिया के लिए 500 रुपए, हल्के, मध्यम और भारी मोटर वाहनों के लिए 745 रुपए तय किए गए हैं।
1 जुलाई से चल रही कार्रवाई
एचएसआरपी लगवाने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 थी। इसके बाद 1 जुलाई से नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी। पहले दिन 154 वाहनों की जांच में 54 वाहन बिना एचएसआरपी मिले, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया था। इसके बाद अभियान तेज कर दिया गया,
यह भी पढ़ेः- मुंबई को ट्रैफिक से मिलेगी राहत: विद्याविहार और मानखुर्द फ्लाईओवर निर्माण में तेजी; BMC ने तय की डेडलाइन
परिवहन विभाग ने की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे तुरंत एचएसआरपी लगवाकर नियमों का पालन करें, अन्यथा आने वाले दिनों में भी उनके खिलाफ जुर्माने और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। एचएसआरपी अनिवार्य किए जाने और बिना एचएसआरपी वाले वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई तेज होने के बीच वाहन मालिकों की मुश्किलें भी बढ़ गई है।
एचएसआरपी लगवाने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पाने में करीब 3 सप्ताह का इंतजार करना पड़ रहा है। स्लॉट उपलब्ध नहीं होने से कई वाहन चालक समय पर नंबर प्लेट नहीं लगवा पा रहे है।
