BMC में ठेकेदारों की बंदरबांट, कांग्रेस ने लगाया 1000 करोड़ घोटाले का आरोप
Mumbai News: मुंबई कांग्रेस ने BMC पर 1000 करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है। सांसद वर्षा गायकवाड़ और प्रवक्ता सचिन सावंत ने ठेकेदारों की मिलीभगत और मनपसंद कंपनियों को टेंडर देने की बात की है।
- Written By: सोनाली चावरे
बीएमसी (pic credit; social media)
BMC Corruption Charge: मुंबई महानगरपालिका एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों में घिर गई है। शुक्रवार को मुंबई कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीएमसी को भ्रष्टाचार का अड्डा करार दिया और सीधे तौर पर महायुति सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी नेताओं, बीएमसी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से मुंबईकरों का पैसा लूटा जा रहा है।
वर्षा गायकवाड़ का आरोप है कि बीएमसी में ठेकेदारों की नियुक्ति पहले से तय कर दी जाती है और उसके बाद टेंडर निकाले जाते हैं। उन्होंने कहा कि अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट अब ‘अर्बन डिजास्टर डिपार्टमेंट’ बन गया है। सत्ताधारी दल अपनी मनपसंद कंपनियों को ही टेंडर दिलाने की साजिश कर रहे हैं, जिससे आम मुंबईकरों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है।
कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने भी बीएमसी के पाइपलाइन प्रोजेक्ट में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि गुंदवली टनल शाफ्ट से मौदक सागर तक 3000 मिमी व्यास की पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर में गड़बड़ी की गई है। पहले 42 किलोमीटर की पाइपलाइन बदलने की लागत 2000 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन काम को 50 किलोमीटर तक बढ़ाकर लागत को 3500 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया। यह सब कुछ केवल दो ठेकेदार कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया।
सम्बंधित ख़बरें
क्या आप भी पढ़ा हुआ भूल जाते हैं? ठाणे में 16 मई से शुरू हो रहा है विशेष ‘मेंटल जिम’ ट्रेनिंग प्रोग्राम
कोर्ट ने निदा खान को भेजा जेल, जांच में सामने आए चौंकाने वाले डिजिटल सबूत, जानें आज सुनवाई में क्या हुआ?
पर्यावरण की ओर बढ़ते कदम, 20,000 ई-बसों के लिए एसटी कॉर्पोरेशन तैयार, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
छत्रपति संभाजीनगर बनेगा ग्लोबल ऑटो हब, टोयोटा लगाएगी अत्याधुनिक SUV निर्माण संयंत्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वर्षा गायकवाड़ और सचिन सावंत के साथ मुंबई कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेश चंद राजहंस, शकील चौधरी, निजामुद्दीन राइन और अजंता यादव भी मौजूद थे। सावंत ने कहा कि पिछले दो महीनों से मुंबई कांग्रेस बीएमसी में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर कर रही है।
वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि महायुति सरकार मस्त है, लेकिन मुंबईकर संकटग्रस्त हैं। उनका कहना है कि यदि यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में मुंबईकरों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
