Mumbai: सेंट्रल रेलवे का 15-कोच अपग्रेड, यात्रियों के अनुभव में सुधार

Mumbai Local: सेंट्रल रेलवे में 27 स्टेशनों पर 15-कोच लोकल ट्रेन के प्लेटफार्म विस्तार का काम दिसंबर 2026 तक पूरा होने जा रहा है, जिसके चलते यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की संभावना जतायी जा रही है।
Mumbai Local
मुंबई लोकल (सौ. सोशल मीडिया )
Updated on

Mumbai News In Hindi: सेंट्रल रेलवे उपनगरीय यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एक अहम इंफ्रास्टक्चर बदलाव की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर 27 स्टेशनों पर 15-कोच लोकल ट्रेनों के लिए प्लेटफार्म विस्तार कार्य प्रगति पर है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वर्तमान में सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर 15-कोच की कुल 22 लोकल सेवाएं संचालित हो रही हैं। प्लेटफार्म विस्तार और अन्य तकनीकी कार्य पूरे होने के बाद यह संख्या बढ़कर करीब 180 सेवाओं तक पहुंच जाएगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

12 नए रेक की मांग, समय-सीमा में पूरे होंगे तय कार्य

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 12 कोच लोकल को 15-कोच में परिवर्तित करने के लिए सेंट्रल रेलवे ने इंटीग्रल कोच फैक्ट्री से 12 नए रेक की मांग की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी आवश्यक कार्य तय समय सीमा में परे किए जाएंगे और दिसंबर 2026 के अंत तक नई सेवाएं पूरी तरह परिचालन में आ जाएंगी।

फिलहाल सेंट्रल रेलवे की मेन लाइन पर कुल 860 लोकल सेवाएं चलाई जाती है। जबकि पूरे सेंट्रल रेलवे उपनगरीय नेटवर्क में प्रतिदिन लगभग 1,820 लोकल सेवाएं संचालित होती है।

वहन क्षमता में 10% की बढ़ोतरी होने का अनुमान

15-कोच ट्रेनों की संख्या बढ़ने से मेन लाइन की वहन क्षमता में करीब 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस बदलाब से पीक आवर्स के दौरान भीड़ का दवाव कम होगा, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रा अधिक सुगम होगी। मुंबई उपनगरीय रेल व्यवस्था के लिए यह परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो आने वाले वर्षों में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com