BMC Malad Hospital का निरीक्षण, अतिरिक्त मनपा आयुक्त बोले- मरीजों से करें सौहार्दपूर्ण व्यवहार

BMC Malad Hospital News: BMC के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने मालाड के मनोहर वामन देसाई अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
bmc-malad-hospital-inspection-vipin-sharma-cleanliness-drive
डॉ विपिन शर्मा (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

BMC Malad Hospital Inspection: बीएमसी के अतिरिक्त मनपा आयुक्त डॉ विपिन शर्मा ने सोमवार को मालाड पूर्व स्थित मनोहर वामन देसाई अस्पताल का दौरा कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का मुआयना करते हुए मरीजों, डॉक्टरों और कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। निरीक्षण के दौरान डॉ शर्मा ने ओपीडी, आईसीयू सहित अन्य प्रमुख विभागों का दौरा किया।

उन्होंने अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों से चर्चा कर अस्पताल की कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की। इस मौके पर बीएमसी के उपनगरीय अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक एवं विभाग प्रमुख डॉ चंद्रकांत पवार भी मौजूद रहे।

मरीजों के साथ किया जाए सौहार्दपूर्ण व्यवहार

डॉ विपिन शर्मा ने अस्पताल की मशीनरी, एंबुलेंस सेवाओं और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। शर्मा ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए।

उन्होंने मरीजों के उचित परामर्श (काउंसलिंग) पर भी विशेष जोर दिया, ताकि उन्हें बेहतर उपचार अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्वच्छता और सेवाओं को लेकर डॉ। शर्मा ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार की गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है, जिससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें।

मालाड पूर्व स्थित 180 बिस्तरों वाला मनोहर वामन देसाई अस्पताल वर्ष 1976 से मुंबईकरों को सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, ओपीडी पंजीकरण कार्यदिवसों में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक किया जाता है।

साफ सफाई को दें प्राथमिकता

  • बीएमसी में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डॉ। विपिन शर्मा ने सभी संहायक आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। शर्मा ने सोमवार को पश्चिम उपनगर के 'एच पूर्व', 'पी उत्तर' और 'पी दक्षिण' विभागों के विभिन्न स्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की सफाई, कचरा प्रबंधन, नालों की सफाई और बस स्टॉप की स्वच्छता का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने संबंधित सहायक आयुक्तों से फोन पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
  • प्री-मानसून तैयारियों के तहत नालों से गाद निकालने का काम तेज गति से चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठेकेदार द्वारा निकाली गई गीली गाद 48 घंटे के भीतर हटाई जाए और इस प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए। इसके अलावा, 'पी दक्षिण' विभाग के दाजीवाडी सब्जी मंडी और राणीसती मार्ग क्षेत्र की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। शर्मा ने फ्लाईओवर के नीचे और आसपास जमा कचरा हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, प्रशासन का कहना है कि मानसून से पहले शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाना प्राथमिकता है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com