मुंबई: मलाड के दंगाइयों के घर पर चला बुलडोजर, आरोपी पर ड्रग्स तस्करी का भी आरोप

Malad Dindoshi Riot: मलाड के संतोष नगर में दंगा करने वाले ड्रग तस्कर शेख परिवार के अवैध घर पर बीएमसी का बुलडोजर चला। 11 गिरफ्तार, भारी पुलिस बल तैनात।
Malad Dindoshi Bulldozer Action
Malad Dindoshi Bulldozer Action प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Published on
Updated on

Malad Dindoshi Bulldozer Action: मुंबई के मलाड (पूर्व) स्थित दिंडोशी इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले उपद्रवियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। रविवार (5 अप्रैल) की रात संतोष नगर में 'देवी मरियम्मा' की पूजा और त्रिशूल यात्रा के दौरान हुए दंगे के आरोपियों के अवैध निर्माण पर आज बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बुलडोजर चला दिया। इस दंगे में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें महिलाएं और नाबालिग भी शामिल हैं।

यह हिंसा उस समय भड़की थी जब लाउडस्पीकर पर भजन बजाने को लेकर मुस्लिम समुदाय के कुछ युवकों ने हिंदू युवकों की पिटाई कर दी थी। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दो गुटों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।

ड्रग्स तस्करी और अवैध निर्माण का खुलासा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दंगाइयों का एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। जांच के दौरान पता चला कि दंगा भड़काने वाला शेख परिवार लंबे समय से इलाके में ड्रग्स के अवैध कारोबार में लिप्त है। तलाशी के दौरान आरोपियों के घर से ड्रग्स के पैकेट भी बरामद हुए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस परिवार ने इलाके में दहशत फैला रखी थी और अवैध रूप से तीन मंजिला घर बनाकर उस पर मोबाइल टावर भी लगा रखा था।

ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि आरोपियों ने पिछले 5 महीनों से एक नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन इसलिए नहीं होने दिया क्योंकि उन्हें लगता था कि इससे उनके घर में बदबू आएगी।

BMC का 24 घंटे का नोटिस और एक्शन

दंगे के बाद बीएमसी ने अवैध निर्माण को लेकर शेख परिवार के घर पर नोटिस चस्पा किया था। नोटिस का जवाब देने के लिए दिए गए 24 घंटों की समय सीमा समाप्त होते ही, आज गुरुवार (9 अप्रैल 2026) को बीएमसी की टीम बुलडोजर और पुलिस बल के साथ संतोष नगर पहुँची। प्रशासन ने अवैध रूप से बनी मंजिलों और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया है।

पुलिस की गिरफ्त में 11 आरोपी

दिंडोशी पुलिस ने इस मामले में शेख परिवार के मुख्य सदस्यों—सोयल शेख, शाबू शेख (महिला), फिरोज शेख और मुनीर शेख समेत कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने पुलिस पर यह आरोप भी लगाया कि दंगा करने वाले मुख्य आरोपी मौके से भाग गए और पुलिस ने पूजा में बैठे नाबालिगों पर लाठीचार्ज किया। फिलहाल, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com