विधानपरिषद में बीजेपी के 5 उम्मीदवारों में 1 महिला भी, जानें कौन हैं,माधवी नाइक ?
Madhavi Naik BJP: बीजेपी ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए 5 नामों की घोषणा की। एड. माधवी नाइक, प्रमोद जठार और विवेक कोल्हे के नामों के साथ देवेंद्र फडणवीस ने कार्यकर्ताओं को दिया सम्मान।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: गोरक्ष पोफली
माधवी नाइक व प्रधानमंत्री मोदी (सोर्स: सोशल मीडिया)
BJP Maharashtra MLC Candidates: मंगलवार की देर शाम बीजेपी हाईकमान ने महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए अपने 5 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। बीजेपी की इस लिस्ट में ठाणे कोंकण को प्राथमिकता दिए जाने के साथ पार्टी की एक निष्ठावान महिला कार्यकर्ता को भी स्थान दिया गया है। शिवसेना के मुख्य नेता एवं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का गढ़ कहे जाने वाले ठाणे में रहने वाली एड.माधवी नाइक ने अपनी कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता से बीजेपी संगठन में स्थान बनाया है।
ठाणे मनपा से विधानपरिषद तक
वैसे बीजेपी में एड. माधवी नाइक किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। लगभग 29 साल पहले 1997 में ठाणे मनपा में पहली बार बीजेपी की नगरसेविका चुनीं गईं माधवी नाइक शुरू से ही कुशल वक्ता एवं पार्टी के विचारों की पक्षधर रहीं। ठाणे मनपा में लगातार 10 साल तक नगरसेविका के रूप में उन्होंने अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी। उसके बाद जिले और प्रदेश लेबल पर बीजेपी संगठन में लगातार सक्रिय रहीं एड. माधवी नाइक को प्रदेश महिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई। लोकसभा-विधानसभा चुनावों में एड माधवी नाइक ने आक्रामक महिला नेता के रूप में लगातार स्टार प्रचारक की भूमिका निभाती रहीं हैं।
केंद्रीय स्तर की कमेटी के अलावा इस समय भी वे पार्टी की प्रदेश महासचिव के रूप में कार्यरत हैं। एड माधवी नाइक एक साधारण परिवार से आती हैं। ठाणे जिले के ही पडघा में जन्मी माधवी नाइक (दोन्दे) के पति संजय नाइक पेशे से जाने माने प्रेस फोटोग्राफर रहे हैं। पत्नी एड माधवी को पार्टी द्वारा विधानपरिषद में भेजे जाने की घोषणा के बाद संजय नाइक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि माधवी को उनकी मेहनत और विचारधारा का इनाम पार्टी ने दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
टायर फटने से कार पेड़ से टकराई, खडका गेट हादसे में एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत, मासूम भी शामिल
मालेगांव कनेक्शन से मलेशिया तक की साजिश, नासिक के TCS धर्मांतरण मामले में बड़ा अंतरराष्ट्रीय खुलासा
क्या DD ही दादा थे? सुनेत्रा पवार पर 32 करोड़ के टैक्स केस का अंत, जानें क्या है पूरा मामला?
मुंबई पर आतंकी साया, मीरा रोड में लोन-वुल्फ हमला और रेलवे को मिली पाकिस्तानी धमकी, ATS की जांच शुरू
पार्टी के प्रति निष्ठा एवं संगठन के प्रति समर्पण का फल
ठाणे के लोगों का कहना है कि एड माधवी नाइक को पार्टी के प्रति लंबी निष्ठा एवं संगठन के प्रति समर्पण का फल मिला है। इसी तरह कोंकण के सिंधुदुर्ग जिले में पार्टी के पुराने वफादार प्रमोद जठार को भी एमएलसी की उम्मीदवारी देकर बीजेपी ने कोंकण को न्याय देने का प्रयास किया है। साल 2009 के विधानसभा चुनाव में सिंधुदुर्ग की कनकवली विधानसभा सीट से प्रमोद जठार विधायक बने थे। चर्चा है कि प्रमोद जठार को विधान परिषद में भेजकर बीजेपी ने नारायण राणे के बड़े बेटे और शिवसेना के विधायक निलेश राणे को चुनौती देने की कोशिश की है।
यह भी पढे़ं: क्या DD ही दादा थे? सुनेत्रा पवार पर 32 करोड़ के टैक्स केस का अंत, जानें क्या है पूरा मामला?
सीएम फडणवीस की छाप
विधान परिषद की लिस्ट पर सीएम देवेंद्र फड़नवीस का वर्चस्व पूरी तरह से दिखाई पड़ रहा है। संगठन के लिए काम करने वालों को मौका दिया गया है। सुनील कर्ज़तकर मौजूदा समय में प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे अच्छे संगठक माने जाते हैं। इसी तरह नागपुर के संघ एवं फडणवीस के करीबी संजय भेंडे को विधानपरिषद भेजा जा रहा है। भेंडे मौजूदा समय में वह नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमैन हैं। विधान परिषद की लिस्ट में बड़ा नाम विवेक कोल्हे का है।
अहिल्यानगर जिले के बडे राजनीतिक परिवार से संबंध रखने वाले विवेक कोल्हे की मां स्नेहलता कोल्हे ने 2014 में कोपरगांव सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। इस बार 2024 के विधानसभा चुनाव में उनके बेटे विवेक कोल्हे कोपरगांव सीट से इच्छुक उम्मीदवार थे, लेकिन महायुति में यह सीट एनसीपी (अजित गुट) के सिटिंग विधायक आशुतोष काले को दोबारा मिली। फड़नवीस ने विवेक कोल्हे को विधान परिषद भेजने का वादा किया था,जिसे उन्होंने पूरा किया है।
