दोनों भाइयों में फोन पर होगी बात? गठबंधन की अटकलों पर अमित ठाकरे का बड़ा बयान

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में ठाकरे बंधुओं के गठबंधन की अटकलों के बीच राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे का बड़ा बयान सामने आया है। अमित ठाकरे ने गठबंधन को लेकर अपना रूख स्पष्ट किया है।
महाराष्ट्र में ठाकरे बंधुओं के गठबंधन की अटकलों के बीच राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे का बड़ा बयान सामने आया है। अमित ठाकरे ने गठबंधन को लेकर अपना रूख स्पष्ट किया है।
ठाकरे बंधुओं के गठबंधन पर अमित ठाकरे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता अमित ठाकरे ने ठाकरे बंधुओं के साथ आने को लेकर बड़ा बयान दिया है। अमित ठाकरे ने कहा गठबंधन मीडिया में बात करने से नहीं होता तथा शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे को गठबंधन की किसी भी संभावना को लेकर एक-दूसरे से बात करनी चाहिए। राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे के चचेरे भाई हैं।

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने इस बात का संकेत देने वाले बयान देकर संभावित सुलह की अटकलों को हवा दे दी है कि वे ‘‘छोटे-मोटे मुद्दों'' को नजरअंदाज कर सकते हैं और लगभग दो दशक के कटुतापूर्ण मतभेदों के बाद हाथ मिला सकते हैं। मनसे प्रमुख ने कहा है कि मराठी मानुष के हित में एकजुट होना कठिन नहीं है और उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह छोटी-मोटी लड़ाइयां किनारे रखने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ काम करने वालों को तरजीह न दी जाए।

फोन पर हो सकती है बात

राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दोनों भाइयों को बात करनी चाहिए। (दोनों के अलावा) इस मुद्दे पर हमारे बात करने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मुझे दोनों भाइयों के साथ आने से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन मैंने 2014, 2017 (तत्कालीन अविभाजित शिवसेना के साथ गठबंधन करने के मनसे के असफल प्रयास का संदर्भ) में यह देखा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी के दौरान भी जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब राज ठाकरे ने उनका समर्थन किया था। अगर वह (उद्धव) चाहें तो फोन कर सकते हैं। मीडिया में बात करने से गठबंधन नहीं होता। उनके पास एक-दूसरे के मोबाइल नंबर हैं, वे एक-दूसरे से बात कर सकते हैं।''

पार्टी की मंशा बिल्कुल साफ

पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान अपने पहले चुनाव में हार का सामना करने वाले अमित ठाकरे की टिप्पणी शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे के इस बयान के बाद आई है कि अगर कोई महाराष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए साथ आना चाहता है, तो ‘‘हम भी उन्हें साथ लेकर चलेंगे।'' उद्धव ठाकरे के बेटे एवं राज्य के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि इस मामले में उनकी पार्टी की मंशा बिल्कुल साफ है।

शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत पर निशाना साधते हुए अमित ठाकरे ने कहा, ‘‘सुबह-सुबह बोलने वाले....आप किसे बेवकूफ बना रहे हैं?'' राउत ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी के नेता शिवसेना यूबीटी और मनसे के बीच गठबंधन को लेकर बहुत सकारात्मक हैं। राउत ने कहा, ‘‘हमारे विचार स्पष्ट हैं। महाराष्ट्र के हित में हम कोई भी त्याग कर सकते हैं।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com