मुंबई में 17,106 गणेश मूर्तियों का विसर्जन, भक्तों ने 5 दिन बाद गाजे-बाजे के साथ दी बप्पा को विदाई
Mumbai News: मुंबई में पांच दिन गणेशोत्सव संपन्न हुआ। भक्तों ने 17,106 मूर्तियों का पर्यावरणपूरक विसर्जन कर गाजे-बाजे के साथ बप्पा को विदा किया।
- Written By: सोनाली चावरे
गणेश विसर्जन (pic credit; social media)
Maharashtra News: मुंबई शहर और उपनगरों में गणेशोत्सव के दौरान घरों और सार्वजनिक मंडलों में स्थापित पाँच दिनी बप्पा का रविवार को धूमधाम से विसर्जन किया गया। इस मौके पर भक्तों ने गाजे-बाजे और ढोल-ताशों के बीच नाचते-गाते अपने लाडके गणराया को विदा किया। “गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।
नगर निगम के अनुसार रविवार देर शाम तक कुल 17,106 मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका था। इसमें 275 सार्वजनिक गणेश मूर्तियाँ, 15 हरतालिका मूर्तियाँ और 16,816 घरेलू मूर्तियाँ शामिल थीं। देर रात तक विसर्जन की प्रक्रिया जारी रही।
भक्तों की आस्था और श्रद्धा के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया। प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में 275 से अधिक कृत्रिम तालाबों की व्यवस्था की गई थी, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए बप्पा को विदाई दी।
सम्बंधित ख़बरें
कर्ज के बोझ से मिलेगी राहत, CM फडणवीस ने किसानों के लिए इतने लाख तक कृषि कर्जमाफी का किया ऐलान
एक्टर शेखर सुमन के शो के प्रोड्यूसर धर्मेश संघानी पर ED की रेड, विदेशों में छिपी संपत्तियों का खुलासा
सावधान! पंढरपुर वारी के चलते पुणे-पंढरपुर हाईवे के ट्रैफिक में बड़ा बदलाव; 10 से 15 जुलाई तक इन रास्तों का करें
छत्रपति संभाजीनगर की हर संपत्ति को मिलेगा अलग पीआर कार्ड, ड्रोन सर्वे से बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड
इसे भी पढ़ें- कामठी में गणेशोत्सव की धूम, विसर्जन घाट का निरीक्षण करने पहुंचे DCP कदम
मुंबई पुलिस और नगर निगम ने भी विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता तैयारी की थी। जगह-जगह नाकेबंदी और पुलिस बंदोबस्त तैनात किए गए थे ताकि कोई अव्यवस्था न हो।
भक्तों ने अपने गणराया को आशीर्वाद और खुशहाली की प्रार्थना के साथ विदा किया। कई जगह महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक पोशाक पहनकर बप्पा के स्वागत और विदाई में हिस्सा लिया। भक्तों का कहना था कि बप्पा सिर्फ पाँच दिन के लिए घर आते हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी पूरे घर-आंगन को ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देती है।
गणपति विसर्जन के साथ ही शहर का माहौल भले ही शांत हो गया हो, लेकिन भक्तों के दिलों में बप्पा के आगमन की अगली प्रतीक्षा अभी से शुरू हो गई है। हर कोई यही प्रार्थना कर रहा है—“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।”
