
Maharashtra Top 10 News 29 September: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में युवाओं के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। सशस्त्र बलों से 4 साल की सेवा पूरी कर लौटने वाले पूर्व अग्निवीरों को राज्य की ग्रुप 'C' की वर्दीधारी सेवाओं में 10% हॉरिजॉन्टल आरक्षण देने की नीति को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा मुंबई के ऐतिहासिक खिलाफत हाउस पर वारिस पठान ने ताला जड़ दिया है। आइए जानते हैं महाराष्ट्र की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सामान्य प्रशासन, गृह, कानून एवं न्यायपालिका और राजस्व विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई। फडणवीस कैबिनेट ने महाराष्ट्र के युवाओं के लिए सबसे बड़ा फैसला पूर्व अग्निवीरों को लेकर लिया है। सशस्त्र बलों में अपनी चार साल की सेवा पूरी करके लौटने वाले अग्निवीरों को महाराष्ट्र सरकार की ग्रुप 'C' की वर्दीधारी सेवाओं में 10% हॉरिजॉन्टल रिजर्वेशन देने की नीति को अंतिम रूप दिया गया है।
नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित होने वाला सिंहस्थ कुंभ मेला इस बार श्रद्धालुओं और साधकों के लिए अत्यंत विशेष होने जा रहा है। 31 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 24 जुलाई 2028 तक चलने वाले इस महाकुंभ में एक ऐसा दुर्लभ और अलौकिक धार्मिक संयोग बनने जा रहा है, जो पूरे 75 वर्षों के बाद लौट रहा है। ज्योतिषविदों और धर्मशास्त्रियों के अनुसार, इस बार सिंहस्थ कुंभ के दौरान 'त्रिखंड योग' का निर्माण हो रहा है।
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने आगामी 3 अक्टूबर 2026 से आयोजित होने वाली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को आधिकारिक तौर पर स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही आयोग ने दो अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग सेवा मुख्य परीक्षा 2026 और महाराष्ट्र ग्रुप-बी (गैर-राजपत्रित) मुख्य परीक्षा 2026 को भी टालने का निर्णय लिया है।
अदालत और न्यायिक प्रणाली के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणियां करने के मामले में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राजाराम राउत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। बंबई उच्च न्यायालय की औरंगाबाद पीठ ने इस संबंध में संजय राउत और अन्य प्रतिवादियों के खिलाफ फौजदारी (अपराधिक) अवमानना का नोटिस जारी करने का सख्त आदेश दिया है।
मुंबई के ऐतिहासिक खिलाफत हाउस की जमीन और इसके पुनर्विकास को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस बीच AIMIM के नेता वारिस पठान अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और खिलाफत हाउस के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया। खिलाफत हाउस की जमीन पर 120 बिस्तरों वाले एक आधुनिक अस्पताल के प्रस्तावित निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वारिस पठान ने मीडिया के सामने दावा किया कि इस ऐतिहासिक इमारत को गिराने के बाद चुपचाप पुनर्निर्माण का काम शुरू कर दिया गया था।
मुंबई की विशेष राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अदालत ने वर्ष 2021 के चर्चित एंटीलिया बम धमकी मामले और कारोबारी मनसुख हिरेन की संदिग्ध हत्या के केस में बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल मुंबई पुलिस के बर्खास्त सहायक पुलिस निरीक्षक (API) सचिन वाजे को जमानत दे दी है।
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने मंगलवार को रेगुलेटरी बॉडी में उगाही के आरोपों पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ये दावे आम हैं। इनमें ठोस जानकारी की कमी है और इस बारे में उनके ऑफिस को अब तक कोई औपचारिक पत्र नहीं मिला है। मुंढे ने सामान्य बयानों के बजाय सत्यापन योग्य तथ्य प्रदान करने का आग्रह किया।
देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के पुनर्विकास कार्य ने गति पकड़ ली है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा किए जा रहे CSMT पुनर्विकास कार्य के लिए 75 दिनों का लंबा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। मध्य रेलवे के अनुसार यह ब्लॉक 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलेगा। यह ब्लॉक CSMT के प्लेटफॉर्म संख्या 14 एवं 15 और स्टेबलिंग लाइन संख्या 15 पर लिया जाएगा। इसके चलते इन प्लेटफॉर्मों से ट्रेन संचालन कार्य पूरा होने तक निलंबित रहेगा। ब्लॉक अवधि में कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
महाराष्ट्र के पुणे के बहुचर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की मुख्य आरोपी सिया गोयल के घर से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया था, जिसे उसने अलमारी की दराज में डाल दिया था। जब इस फोन की फोरेंसिक जांच कराई गई, तो उसमें से डिलीट की गई चैट्स, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), कॉल रिकॉर्डिंग्स और कई अहम तस्वीरें बरामद हुईं। इन सबूतों ने इस हत्याकांड को नया मोड़ दे दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने ठाणे जिले में शास्त्री नगर हॉस्पिटल के डॉक्टर-नर्स मारपीट केस में शिवसेना नगरसेवक रमेश म्हात्रे समेत सभी आरोपियों को बड़ा झटका दिया है। बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के बाद सुप्रीम कोर्ट ने आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी और उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया है।