Nashik Housing Society Conflict ( Source: Social Media )
Nashik Housing Society Conflict: नासिक सातपुर के श्रमिकनगर स्थित कडेपठार चौक की ‘अशोक रेजिडेंसी’ सोसायटी में शनिवार सुबह कानून की धज्जियां उड़ गई। बकाया मेंटेनेंस के पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में न केवल मारपीट हुई, बल्कि एक महिला सदस्य के साथ सरेआम बदसलूकी भी की गई। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए सातपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जब सोसायटी के सदस्य पार्किंग में खड़े थे, तभी संदिग्ध सुनील काशीनाथ पवार, उनकी पत्नी और 3-4 अन्य साथियों ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लात-घूंसों, डंडों और लोहे के पाइप से सदस्यों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी।
इस हंगामे के दौरान सुनील पवार के एक साथी (सफेद शर्ट और कान में बाली पहने भारी शरीर वाला व्यक्ति) ने शिकायतकर्ता और सोसायटी की एक महिला सदस्य के साथ अत्यंत शर्मनाक और अभद्र व्यवहार किया, आरोपी पर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और छेडछाड करने का संगीन आरोप लगा है।
यह भी पढ़ें:-नासिक पुलिस भर्ती में रिकॉर्ड प्रदर्शन, 262 पदों की भर्ती में कड़ा मुकाबला; 50 में 50 अंक लाने वालों की भरमार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश अहिरे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक ज्ञानेश्वर बटुले ने मामले की कमान संभाली है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।