(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से नाम वापस लेने का कल सोमवार को आखिरी दिन है। इसके साथ ही सोमवार शाम तक यह साफ हो जाएगा कि मुंबई सहित महाराष्ट्र की विभिन्न विधानसभा सीटों पर कितने उम्मीदवार चुनाव रण में शेष बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों सहित राज्य की जनता की नजरें भी इस पर लगी रहेंगी। मुंबई की बोरीवली और माहिम सहित महाराष्ट्र की कुछ हाई प्रोफाइल सीटों को लेकर लोगों में कुछ ज्यादा ही उत्सुकता देखने को मिल रही है।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की थी। इसके तहत 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी हुई थी। 29 अक्टूबर तक राज्य की 288 विधानसभा सीटों पर 7995 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था।
कई बागियों ने दाखिल किए नामांकन
नामांकन पत्रों की जांच के बाद 288 विधानसभा क्षेत्रों में 7 हजार 73 उम्मीदवारों के आवेदन वैध करार दिए गए। इनमें विभिन्न राजनीतिक दलों के वो असंतुष्ट बड़ी संख्या में शामिल थे, जिन्हें किन्हीं कारणों से उम्मीदवारी नहीं मिल सकी। हालांकि, अब अपने नाराज बागियों को मनाने के लिए सभी सियासी दलों एवं गठबंधनों में युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बागियों को मनाने में सियासी दलों और उनके नेताओं को कितनी कामयाबी मिली है, इसका उत्तर सोमवार मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें-अजित पवार ने खेला इमोशनल कार्ड, बोले- लोकसभा चुनाव में ‘साहेब’ को खुश किया, इस बार मुझे प्रसन्न करें
बोरीवली व माहिम सीट पर रहेगी खास नज़र
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत आनेवाली बोरीवली विधानसभा सीट और मुंबई शहर अंतर्गत आनेवाली माहिम विधानसभा सीट पर लोगों की खास नजर है। बोरीवली में बीजेपी के उम्मीदवार संजय उपाध्याय के खिलाफ पार्टी के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी मैदान में उतर गए हैं। बताया जा रहा है कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी नेता विनोद तावडे ने गोपाल शेट्टी को मनाने का प्रयास रविवार को भी किया था, हालांकि गोपाल शेट्टी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
यह भी पढ़ें-माहिम सीट पर विवाद को लेकर आठवले ने पेश की सफाई, कहा- महायुति में नहीं कोई मतभेद
इसी तरह माहिम से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे के पुत्र अमित ठाकरे चुनावी राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। लेकिन, बीजेपी नीत महायुति में शामिल मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी ने अपने मौजूदा विधायक सदा सरवणकर को एक बार फिर से उम्मीदवार बनाया है। यहां अमित को समर्थन के लिए सीएम शिंदे और सरवणकर को मनाने का बीजेपी का प्रयास रविवार को भी जारी रहा।