चुनाव विश्लेषक संजय कुमार के खिलाफ FIR (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Nagpur News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने के आरोप में लोकनीति-सीएसडीएस से जुड़े चुनाव विश्लेषक संजय कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय कुमार पर आरोप है कि उन्होंने हाल ही में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक आंकड़े साझा किए।
उनके पोस्ट में दावा किया गया था कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव की तुलना में विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या में भारी गिरावट दर्ज हुई है। इस पोस्ट के बाद चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया और शिकायत दर्ज की गई।
उल्लेखनीय है कि विवाद बढ़ने के बाद संजय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर सार्वजनिक माफी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि मैं महाराष्ट्र चुनावों से संबंधित किए गए ट्वीट के लिए दिल से माफी मांगता हूं। वर्ष 2024 लोकसभा और 2024 विधानसभा चुनावों के डेटा की तुलना करते समय हमारी डेटा टीम से गलती हुई। पंक्ति का डेटा गलत पढ़ लिया गया था। ट्वीट हटा लिया गया है।मेरी किसी भी प्रकार की गलत जानकारी फैलाने की मंशा नहीं थी।
ये भी पढ़े: रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी, मुंबई, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी समेत घाट क्षेत्र में लिए आज ऑरेंज अलर्ट
संजय कुमार ने अपने हटाए गए पोस्ट में दावा किया था कि रामटेक विधानसभा क्षेत्र (संख्या 59) में लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान मतदाताओं की संख्या 4,66,203 थी, जबकि विधानसभा चुनाव में यह घटकर 2,86,931 रह गई। उन्होंने इसे 38.45 प्रतिशत की गिरावट बताया। इसी तरह, उन्होंने देवलाली विधानसभा क्षेत्र के आंकड़े पेश करते हुए कहा था कि लोकसभा चुनाव में यहां मतदाता संख्या 4,56,072 थी, जबकि विधानसभा चुनाव में यह घटकर 2,88,141 रह गई, यानी लगभग 36.82 प्रतिशत की कमी। इन आंकड़ों पर विवाद बढ़ने के बाद चुनाव आयोग और पुलिस प्रशासन ने इसे भ्रामक सूचना फैलाने और चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में माना।
महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को राजनीतिक विश्लेषण संस्थान सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसाइटीज़ (सीएसडीएस) के निदेशक संजय कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 175, 353(1)(बी), 212 और 340(1)(2) के तहत मामला दर्ज किया है। संजय पर गलत जानकारी देने और चुनाव संबंधी उल्लंघनों का आरोप लगाया गया है। सीएसडीएस ने 17 अगस्त को सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र विधानसभा सीटों पर कम मतदान के बारे में पोस्ट किया था। हालांकि, 19 अगस्त को संजय ने पोस्ट हटा दिया और कहा कि पोस्ट में दिए गए आंकड़े गलत थे।
महाराष्ट्र की विधानसभा संख्या 59 रामटेक में 2024 के लोकसभा चुनाव में 4 लाख 66 हज़ार 203 मतदाता थे, जबकि 2024 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या घटकर 2 लाख 86 हज़ार 931 रह गई। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 1 लाख 79 हज़ार 272 यानी 38.45 प्रतिशत वोटों की कमी देखी गई। इसी तरह, उन्होंने देवलाली विधानसभा सीट के आंकड़े भी दिए। उनके अनुसार, विधानसभा संख्या 126 देवलाली में 2024 के लोकसभा चुनाव में 4 लाख 56 हज़ार 72 वोट थे, जबकि विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या घटकर 2 लाख 88 हज़ार 141 रह गई। उन्होंने दावा किया कि देवलाली सीट पर 1 लाख 67 हज़ार 931 यानी 36.82 प्रतिशत वोटों की कमी देखी गई।