जालना महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Jalna Municipal Election Reservation Draw Mistake: जालना नगर निगम के आगामी आम चुनावों के लिए जारी की गई प्रभागवार आरक्षण सूची में गंभीर खामियां सामने आने के बाद राज्य चुनाव आयोग ने मनपा आयुक्त को तत्काल संशोधन करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि संशोधित प्रारूप सूची जल्द से जल्द जारी कर नागरिकों से आपत्तियां और सुझाव मंगाए जाएं, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूरी हो सके।
सूत्रों के अनुसार, आरक्षण चयन के दौरान प्रभाग क्रमांक 1 और प्रभाग क्रमांक 7 में गलत श्रेणियों का उल्लेख किया गया था। जांच में यह पाया गया कि प्रभाग क्रमांक 1 में ‘क’ श्रेणी की सीट को ‘ओबीसी’ के बजाय गलती से ‘ओबीसी महिला’ दर्ज कर दिया गया था। वहीं, ‘ई’ श्रेणी की सीट को ‘सर्वसाधारण महिला’ की जगह ‘सर्वसाधारण’ होना चाहिए था। इन दोनों श्रेणियों में सुधार करना आवश्यक माना गया है।
इसी तरह प्रभाग क्रमांक 7 में भी दो महत्वपूर्ण त्रुटियां सामने आईं। यहां ‘अ’ श्रेणी की सीट को ‘ओबीसी महिला’ के रूप में दर्शाया गया था, जबकि इसे ‘ओबीसी’ किया जाना चाहिए। इसके अलावा, ‘क’ श्रेणी की सीट, जो ‘सर्वसाधारण’ के रूप में दिखाई गई थी, उसे सुधारकर ‘सर्वसाधारण महिला’ करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें:- केंद्रीय मंत्री गडकरी ने महाराष्ट्र सरकार को दिया झटका! दहिसर टोल प्लाजा हटाने से किया इनकार
राज्य चुनाव आयोग ने मनपा प्रशासन को आदेश दिया है कि सभी त्रुटियों को दुरुस्त करते हुए नई प्रारूप आरक्षण सूची तुरंत प्रकाशित की जाए। साथ ही इस सूची पर नागरिकों से आपत्तियां और सुझाव स्वीकार कर अंतिम सूची तय की जाए।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षण प्रक्रिया चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी प्रभागों में आरक्षण चयन का कार्य पूर्ण सावधानी और सटीकता के साथ पूरा किया जाए।