Jalna Town Planning Department ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Jalna Town Planning Department: जालना मनपा में नगर रचना विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें शहर के सुनियोजित विकास, नागरिकों की समस्याओं के समाधान व आय बढ़ाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
खतरनाक इमारतें हटाने, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की अनिवार्यता, लेआउट मंजूरी में गुणवत्ता पर जोर, अवैध निर्माण नियमित करने, ऑनलाइन प्रणाली व रिक्त पदों पर चर्चा की गई।
महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के समग्र व नियोजित विकास के लिए नियमों का सख्ती से पालन कर नागरिकों की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। बैठक की अध्यक्षता महापौर वंदना मगरे ने की।
उपमहापौर राजेश राऊत प्रमुखता से उपस्थित रहे। शहर में जर्जर व खतरनाक हो चुकी इमारतों का पुनः सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया कि जिन भवनों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उनका दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।
नवीनीकरण किए गए भवनों को छोड़कर शेष खाली व खतरनाक इमारतों को तुरंत ढहाया जाएगा। मनपा की जमीन पर स्थित जोखिमपूर्ण इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट कर आगे की कार्रवाई प्रस्तावित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
नए विकसित हो रहे लेआउट्स में सड़क, स्ट्रीट लाइट व जलापूर्ति आदि बुनियादी सुविधाएं उच्च गुणवत्ता की सुनिश्चित करने कहा गया।
स्पष्ट किया कि लेआउट मालिकों को विकास कार्य उच्च दर्जे के करवाने होंगे, ताकि अगले 10 वर्षों तक मनपा को अतिरिक्त खर्च न करना पड़े। शहर अभियंता विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना स्थल निरीक्षण के किसी भी विकास कार्य को मंजूरी न दें।
शहर में बिना अनुमति चल रहे अवैध निर्माणों का सर्वेक्षण कर उन पर जुर्माना लगाते हुए नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिए जाने से मनपा की आर्थिक आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें:-10वीं-12वीं परीक्षा में सख्ती बढ़ी, नकलमुक्त परीक्षा के लिए नई पहल, टोकन पद्धति से होगी छात्रों की जांच
बैठक में बीपीएमएस पोर्टल की तकनीकी समस्याओं को तत्काल दूर करने व नागरिकों को समय पर भवन निर्माण अनुमति देने के निर्देश दिए गए, नगर रचना विभाग में तकनीकी अधिकारियों व कर्मियों के रिक्त पदों के चलते प्रभावित हो रहे कार्य को देखते हुए ठेका तर्ज पर कर्मियों की भर्ती का प्रस्ताव शीघ्र सामान्य सभा के समक्ष रखने कहा गया।