SAI सेंटर के लिए चला बुलडोजर, बिडगांव और मनपा ने सुबह-सुबह ढहाए 18 अवैध निर्माण; अब जल्द बनेगा एथलेटिक्स ट्रैक

Sports Authority of India Nagpur: नागपुर साई सेंटर की जमीन से अतिक्रमण साफ। तरोडी (खुर्द) में 18 अवैध निर्माण ध्वस्त। नवभारत के अभियान का बड़ा असर, खेल विकास की राह आसान।
Encroachment has been cleared from the Nagpur SAI Center's land. Encroachment has been cleared from the Nagpur SAI Center's land.
बुलडोजर एक्शन (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Nagpur SAI Centre Encroachment: नागपुर में प्रस्तावित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के रीजनल सेंटर की राह में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मौजा तरोडी (खुर्द) स्थित साई को हस्तांतरित जमीन पर वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाने प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई करते हुए 18 अवैध टिन शेड ढहा दिए। यह संयुक्त अभियान बिडगांव नगर पंचायत और नागपुर महानगरपालिका ने पुलिस बंदोबस्त में चलाया।

सुबह 8:30 बजे शुरू हुई कार्रवाई देर शाम 5 बजे तक चली। खसरा क्रमांक 53, 54 और 60 में फैले अवैध निर्माणों को हटाया गया। खसरा क्रमांक 53 में एक टिन शेड को जमींदोज किया गया। खसरा क्रमांक 54 में कुल 8 टिन शेड में से 5 पर कार्रवाई हुई, जबकि 3 निर्माणों पर न्यायालय का स्थगनादेश (स्टे) होने से उन्हें फिलहाल यथावत रखा गया। खसरा क्रमांक 60 में मौजूद सभी 12 टिन शेड पूरी तरह हटाए गए।

वर्षों से अटका है खेल विकास

तरोडी (खुर्द) की यही जमीन साई के प्रस्तावित रीजनल सेंटर के लिए चिह्नित है। पूर्व में इसी भूखंड पर अतिक्रमण और विवाद के कारण परियोजना ठप पड़ी थी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अवैध निर्माणों के कारण न तो एथलेटिक्स ट्रैक की प्लानिंग संभव थी और न ही अन्य खेल अधोसंरचना का विकास।

इस कार्रवाई को खेल जगत में ‘टर्निंग पॉइंट’ माना जा रहा है। स्थानीय खिलाड़ियों और खेल संगठनों का कहना है कि यदि जमीन पूरी तरह अतिक्रमण-मुक्त हो जाती है तो साई सेंटर के निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है। प्रशासन की इस कार्रवाई से नागपुर में साई सेंटर का सपना फिर से आकार ले सकता है।

पुलिस बंदोबस्त में सख्त अभियान

कार्रवाई के दौरान तरोडी प्रशासक व नियोजन प्राधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत बिडगांव-तरोडी (खुर्द) के अधिकारी, एटीपी, नेहरूनगर जोन के सहायक आयुक्त, उप-अभियंता, कनिष्ठ अभियंता तथा संबंधित कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात था।

साई को संवारने ‘नवभारत’ का अभियान

बता दें कि नागपुर में बनने वाले साई के रीजनल सेंटर की अड़चनों को दूर करने के लिए ‘नवभारत’ ने प्रमुखता से अभियान शुरू किया है। इसके तहत 9 फरवरी को ‘10 साल, 140 एकड़ और सिर्फ एक दीवार’ शीर्षक से खबर का प्रकाशन किया था। इसके बाद अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक हलचल तेज हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com