Jalna Commercial LPG Shortage( Source: Social Media )
Jalna Commercial LPG Shortage: जालना जिले में पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति अब पूरी तरह सामान्य हो गई है। पेट्रोल पंपों पर पहले लग रही लंबी कतारें अब लगभग समाप्त हो चुकी हैं व लोगों को बिना किसी परेशानी के ईंधन मिल रहा है।
इसके चलते वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी अभी भी बनी होने से होटल व रेस्तरां व्यवसाय पर व्यापक असर पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेल कंपनियों की ओर से अग्रिम भुगतान की प्रक्रिया के चलते शुरुआती दिनों में आपूर्ति प्रभावित हुई थी। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालकों के भुगतान।
के बाद उन्हें नियमित रूप से ईंधन मिलने लगा। तदुपरांत जिले में स्थिति सामान्य हो गई है व अधिकांश पेट्रोल पंपों पर सुचारू रूप से आपूर्ति जारी है। इसके विपरीत, कमर्शियल गैस की कमी ने होटल संचालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की वजह से कई होटल व ढाबा संचालक अब पारंपरिक चूल्हे, कोयला व इंडक्शन स्टोव का उपयोग कर भोजन बनाने मजबूर हैं। इससे लागत में वृद्धि होने के साथ ही काम की गति भी प्रभावित हो रही है। नतीजतन, ग्राहकों को समय पर सेवा देना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।
होटल व्यवसायियों का कहना है कि गैस एजेंसियों से संपर्क करने पर भी पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित गैस कंपनियों को आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश देकर शीघ्र स्थिति सामान्य होने का भरोसा दिलाया है।
व्यापारी संगठनों ने भी इस समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि कमर्शियल गैस की आपूर्ति जल्द बहाल नहीं हुई, तो व्यापार पर इसका व्यापक असर पड़ेगा।
यह भी पढ़ें:-छत्रपति संभाजीनगर सड़क हादसे में छात्रा की मौत: कोर्ट ने 27 लाख मुआवजे देने का दिया आदेश
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी को कोई भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए जांच अभियान चलाया जाएगा व दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।