जिले में 13 मई से यलो अलर्ट जारी। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
गोंदिया: मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी जिले में आंशिक रूप से ही क्यों न हो, सही साबित होती नजर आ रही है। विभाग ने विदर्भ के जिलों के लिए पूर्वानुमान लगाया है, जिसके अनुसार गोंदिया जिले में 13 मई से अर्थात अगले 4 दिनों तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी के साथ लगभग रोज ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
जिले का अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच गया था। प्रशासन ने भी गर्मी से निपटने के लिए अपने स्तर पर हर तरह की तैयारियां पूरी कर ली थीं। अस्पतालों में उष्माघात के संभावित मरीजों के उपचार के लिए कोल्ड रूम बनाए गए थे। लेकिन इसी बीच अप्रैल के अंतिम सप्ताह से जिले में मौसम ने अचानक करवट बदलनी शुरू कर दी और लगभग प्रतिदिन आसमान में बादल छाने के साथ ही कहीं ओलावृष्टि तो कहीं बारिश भी होनी शुरू हो गई।
पिछले 3-4 दिनों से ऐसा महसूस हो रहा था कि मौसम खुल जाएगा। लेकिन अब फिर स्थिति बदल गई है। प्रतिदिन सुबह के समय आसमान साफ दिखाई पड़ता है और सूरज भी चमकता है। लेकिन दोपहर बाद रोज ही आसमान में बादल छाने के साथ कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है और अधिकतम तापमान गिरकर 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक हो गया है।
रेल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल, मुंबई-हैदराबाद और कर्नाटक एक्सप्रेस पर पथराव, 4 यात्री घायल…
इससे नागरिकों को भले ही राहत मिल रही है, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम खतरे की घंटी बजा रहा है। रबी मौसम की धान की फसल अब लगभग कटाई की स्थिति में पहुंच चुकी है। लेकिन मौसम को देखते हुए किसान धान कटाई से बच रहे हैं।
वहीं कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम यदि लगातार बदरीला बना रहा तो धान की फसल पर कीटकजन्य बीमारियों का खतरा मंडरा सकता है। विभाग की ओर से किसानों को सलाह भी दी गई है कि वे फसल पर जरा भी दुष्प्रभाव दिखाई पड़े तो तुरंत कृषि विशेषज्ञों से सलाह लेकर उपाय योजना करें। उसी प्रकार बदरीले मौसम से अनेक प्रकार की बीमारियों के संक्रमण की आशंका भी बढ़ गई है।