गोंदिया शहर पुलिस स्टेशन (फोटो नवभारत)
Gondia Rice Scam News: कम कीमत पर 10 कंटेनर चावल भेजने का लालच देते हुए 5 आरोपियों ने एक राइस मिल संचालक से 1 करोड़ रुपए हड़प लिए व फरार हो गए। राईस मिल संचालक की शिकायत के बाद शहर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दूसरे महिला आरोपी से पूछताछ जारी है। बताया गया कि महिला आरोपी अस्पताल में भर्ती है। गिरफ्तार आरोपी का नाम छिंदवाड़ा निवासी राधेश्याम धुर्वे बताया गया है। वहीं बाकी के आरोपी फरार है। जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, आमगांव निवासी शिकायतकर्ता वीरेंद्रकुमार राधेश्याम लिल्हारे (45) की आमगांव में लांजी रोड पर मां शक्ति राइस मिल है। शिकायतकर्ता की परिचित महिला मिश्रा ने आरोपियों से मुलाकात करवाई। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि वह फाइनेंस का काम करते हैं और धान चावल खरीदी-बिक्री का व्यवसाय करते हैं। आपको चावल खरीदना होगा तो बता देना।
शिकायतकर्ता को पैसे की जरूरत थी, इसलिए शिकायतकर्ता ने कहा मुझे व्यापार के लिए 5 करोड़ रु। लग रहे हैं, आप फाइनेंस करवा दो। जिस पर मिश्रा ने फोन पर शिकायतकर्ता की बात आरोपियों से करवा दी और शिकायतकर्ता ने लोन फाइनेंस के लिए लगने वाले आवश्यक कागजाद दे दिए।
गुर्देशन 113/122 ए-विंग, चिंतामनी प्लाजा, नियर वेस्ट ईस्ट हाईवे मेट्रो स्टेशन अंधेरी कुर्ला रोड के पते पर भेज दिए, ऐसा आरोपियों ने बताया। कुछ दिनों के बाद मिश्रा ने आमगांव में छिंदवाड़ा निवासी आरोपी राधेश्याम धुर्वे (45) व हेमलता बैस (42) के साथ शिकायतकर्ता की मीटिंग करवा दी।
आरोपियों ने फोन पर बातचीत चंडीगढ़, पंजाब निवासी महेंद्रसिंग मल्होत्रा (40) से करवाई। उसके साथ 1 करोड़ रुपए में 10 कंटेनर चावल आपूर्ति का सौंदा तय किया। उसने 22 सितंबर को 10 कंटेनर चावल मिल जाएंगे, आप 1 करोड़ रुपए नकद की व्यवस्था रखे, ऐसा कहा। इसके बाद चंडीगढ़ से मल्होत्रा का फोन आया व उसने कहा कि 10 कंटेनर चावल डिलीवरी के लिए निकल गया है, मैं खुद नकद राशि लेने आ रहा हूं।
23 सितंबर को महेंद्र मल्होत्रा व राहुल मल्होत्रा आमगांव के लांजी रोड स्थित राइस मिल पर पहुंचे व तुम्हारा 10 कंटेनर चावल गोंदिया तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता ने उन्हें एक करोड़ रु। दे दिए। लेकिन 10 कंटेनर चावल राइस मिल में नहीं पहुंचा। शिकायतकर्ता आमगांव थाना पहुंचा, लेकिन घटनास्थल आमगांव नहीं होने के कारण वह गोंदिया शहर थाने आया व शिकायत दर्ज की।
यह भी पढ़ें:- मौसम ने फिर बदली करवट, विदर्भ में अगले 5 दिन होगी जमकर बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी
गोंदिया पुलिस ने आरोपी राधेश्याम, हेमलता, मिश्रा, महेंद्रसिंग व एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस दौरान शहर पुलिस ने आरोपी राधेश्याम धुर्वे व हेमलता बैस को हिरासत में लिया। लेकिन हेमलता की तबीयत बिगड़ने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस निरीक्षक किशोर पर्वते इस मामले में मंगलवार की रात मामला दर्ज किया गया। वहीं 2 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। हेमलता की तबीयत बिगड़ने से उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं आरोपी राधेश्याम धुर्वे को 30 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।