

Highlights:
गोंदिया जिले में गृहकर की 30.23% और पानीपट्टी की 30.92% वसूली ही हो पाई है।
कुल 34.35 करोड़ रुपए की मांग के मुकाबले अब तक 10.38 करोड़ रुपए की वसूली हुई है।
12.74 करोड़ रुपये की मांग में से केवल 3.93 करोड़ रुपए जमा हुए हैं।
Gondia Gram Panchayat: गांवों के विकास की जिम्मेदारी संभालने वाली ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति इन दिनों कमजोर नजर आ रही है। कर वसूली में पिछड़ने के कारण जिले की आठों तहसीलों की ग्राम पंचायतों की तिजोरी में ठनठन गोपाल की स्थिति बन गई है। इसका सीधा असर गांवों के बुनियादी विकास कार्यों पर पड़ने की आशंका है।
जिले में अब तक पानीपट्टी की महज 30.92 प्रश और गृहकर की केवल 30.23 प्रश वसूली हो सकी है। ऐसे में ग्राम पंचायतों के सामने अगले चार महीनों में वसूली का निर्धारित लक्ष्य पूरा करने की बड़ी चुनौती है। यदि समय रहते कर वसूली में तेजी नहीं आई तो ग्रामीण विकास कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
गृहकर के रूप में ग्राम पंचायतों को कुल 34 करोड़ 35 लाख 81 हजार 166 रु. की वसूली करनी थी। इसमें से अब तक केवल 10 करोड़ 38 लाख 80 हजार 385 रु. ही वसूल हो पाए हैं। इस तरह गृहकर की वसूली का प्रश 30.23 है। वहीं, पानीपट्टी के रूप में 12 करोड़ 74 लाख 11 हजार 951 रु. की मांग थी, जिसमें से अब तक 3 करोड़ 93 लाख 93 हजार 426 रु. की वसूली हुई है। इसकी वसूली का प्रश 30.92 है। जिले में संपत्ति कर और पानीपट्टी की बड़ी राशि बकाया है।
आठों तहसीलों में 547 से अधिक ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में कर वसूली की स्थिति अपेक्षा से काफी कम है। फिलहाल लगभग 30 प्रश ही संपत्ति कर और पानीपट्टी की वसूली हो सकी है। कर से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग गांवों में विभिन्न बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए किया जाता है। ऐसे में कम वसूली के कारण ग्राम पंचायतों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। प्रशासन की ओर से शेष करदाताओं से जल्द से जल्द कर जमा करने की अपील की जा रही है।
गोंदिया जिप उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी मधुकर वासनिक ने कहा कि जिले में पानीपट्टी की केवल 30.92 प्रश और गृहकर की 30.23 प्रश वसूली हुई है। आगामी चार महीनों में वसूली का निर्धारित लक्ष्य पूरा करना होगा। हर वर्ष लगभग 20 से 25 प्रश बकाया शेष रह जाता है। मार्च महीने में कर वसूली पर विशेष जोर दिया जाता है।