गोंदिया-आमगांव मार्ग पर जाम से लोग परेशान, ओवरब्रिज की मांग फिर तेज
Kidangipar Railway Crossing: किडंगीपार रेलवे क्रॉसिंग बार-बार बंद होने से आमगांव-गोंदिया मार्ग पर घंटों जाम लग रहा है। ओवर ब्रिज न बनने से एम्बुलेंस व लोग परेशान हैं और नेताओं के तिप्र रोष है।
- Written By: केतकी मोडक
आमगांव गोंदिया हाईवे ओवर ब्रिज (सोर्स - फोटो नवभारत)
Amgaon Gondia Highway Road Over Bridge: मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग के आमगांव-गोंदिया मार्ग पर स्थित किडंगीपार रेलवे क्रॉसिंग हर समय वाहन चालकों के लिए सिरदर्द बन चुकी है। यह सड़क मार्ग व्यस्त माना जाता है। उसी प्रकार रेलवे का मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग भी यात्री व मालगाड़ियों के परिचालन के लिए अत्यंत व्यस्त मार्गों में माना जाता है, जिसमें यात्री ट्रेनें व मालगाड़ियाँ शामिल हैं। ट्रेनों के परिचालन के चलते किडंगीपार रेलवे क्रॉसिंग बार-बार बंद हो जाती है, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहनों की कतार लग जाती है।
आमगांव, सालेकसा व देवरी से गोंदिया जिला मुख्यालय जाने के लिए बड़ी संख्या में वाहन, यात्री बसें या काली-पीली टैक्सी इस मार्ग से चलती हैं। लेकिन अधिकतर समय रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के कारण वाहन चालकों को प्रतीक्षा करनी पड़ती है। अनेक बार एम्बुलेंस भी यहां जाम में फंस जाती है। क्षेत्र के नागरिकों ने अनेक बार इस व्यस्ततम मार्ग पर दिनोंदिन बढ़ते आवागमन को देखते हुए ओवर ब्रिज बनाने की मांग की, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा और न ही जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान दिया जा रहा है।
जनता के साथ छलावा
सभी राजनीतिक दलों के नेता सत्ता हासिल करने के लिए लोगों के सामने विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं यह जताते हैं, किंतु यह जनता के साथ छलावा नजर आ रहा है। नेता नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं और विकास की लालसा दिखाने के अलावा कुछ प्रयासरत नहीं हैं। नेता विकास कार्यों के लिए आज विफल नजर आ रहे हैं, लोगों की समस्याओं के लिए कोई समाधानकारक योजना तैयार नहीं की गई है। आज लोगों के पास अपने विकास और मौलिक अधिकारों के लिए लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
सम्बंधित ख़बरें
कोयले की काली दलाली: लैब रिपोर्ट में असली कोयले को बताया थर्ड क्लास, मुंबई की कंपनी ने WCL को लगा चूना!
महाराष्ट्र में धर्मांतरण और महिला उत्पीड़न मामलों की जांच के लिए बनेगी विशेष समिति, कानूनों की होगी समीक्षा
वर्धा में 30 जून से खुलेंगे स्कूल, छात्रों को पहले ही दिन मिलेंगी नई किताबें और नया यूनीफॉर्म
हिमांशु राय लिगेसी अवार्ड 2026: राष्ट्रीय सुरक्षा, चिकित्सा और संगीत क्षेत्र की हस्तियां सम्मानित
प्रतिदिन हो रही हैं दिक्कतें
आमगांव पूर्व उपसभापति पंचायत समिति व समाजसेवक जयप्रकाश शिवणकर ने कहा है कि “व्यापार करने वाले, विद्यार्थी व प्रतिदिन गोंदिया आवागमन करने वाले नागरिकों को रेलवे क्रॉसिंग की वजह से समस्या निर्माण होती है। विधायक संजय पुराम को इस समस्या से अवगत कराकर, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री व रेल मंत्री से बात कर इस समस्या को जल्द से जल्द हल करने के लिए कहा गया है।”
समस्या सालों से जस की तस
आमगांव कांग्रेस पार्टी तहसील अध्यक्ष संजय बहेकार ने कहा है कि “क्रॉसिंग की समस्या कई सालों से जस की तस है। कई बार दो-तीन ट्रेनें क्रॉस करने के चक्कर में काफी देर तक नागरिकों को खड़े रहना पड़ता है। इस समस्या के बारे में क्षेत्र के सांसद डॉ. नामदेवराव किरसान को अवगत कराया है। उन्होंने जल्द से जल्द इस समस्या का निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग से चर्चा करने की बात कही है।”
समय पर नहीं पहुंच पाते लोग
जिलाध्यक्ष युवासेना (शिवसेना) अर्जुनसिंह बैस ने कहा है कि “हम सामाजिक या राजनीतिक क्षेत्र में काम करते हैं, तो कई बार हमें समाज के काम के लिए जिला मुख्यालय भी जाना पड़ता है। क्रॉसिंग की वजह से हम समय पर नहीं पहुंच पाते हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा इसका निराकरण किया जाए। एम्बुलेंस को भी काफी देर प्रतीक्षा करनी पड़ती है। राज्य के सड़क परिवहन मंत्री से भी इस बारे में चर्चा की गई है।”
यह भी पढ़ें:- नागपुर HC के कड़े संकेत: शंकर नगर में अवैध फूड जॉइंट्स पर कसा शिकंजा; कहा-अवैध हुआ तो कोई निर्माण नहीं बचेगा
ओवर ब्रिज निर्माण से मिलेगी राहत
आमगांव राकांपा शहर अध्यक्ष रवि क्षीरसागर ने कहा है कि “नागरिकों का कार्यालयीन व अन्य जरूरी काम के लिए गोंदिया आना-जाना लगा रहता है। रेलवे क्रॉसिंग पर जल्द से जल्द अगर रेलवे ओवर ब्रिज बन जाए, तो नागरिकों को हो रही इन समस्याओं से निजात मिल सकेगी। इस संबंध में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद प्रफुल पटेल को अवगत कराया गया था। अब सांसद राजेंद्र जैन को भी इस समस्या से अवगत कराया जाएगा।”
