Gadchiroli News: गड़चिरोली में अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर शिकंजा, विशेष दल करेगा कार्रवाई

Muktipath Tehsil Committee: गड़चिरोली में मुक्तिपथ तहसील समिति की बैठक में अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष दल गठित करने का निर्णय लिया गया।
gadchiroli muktipath committee action against illegal liquor tobacco
गडचिरोली नशामुक्ति अभियान- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Gadchiroli De-addiction Campaign: नशामुक्ति अभियान को अधिक प्रभावी बनाने तथा अवैध शराब और तंबाकू की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से मुक्तिपथ गड़चिरोली तहसील समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष एवं तहसीलदार सागर कांबले की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों सहित पूरे तहसील क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर अवैध शराब विक्रेताओं का राशन बंद करने के विषय पर भी चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि, तहसील के सभी विद्यालय, महाविद्यालय, शासकीय एवं अर्धशासकीय कार्यालयों को पूर्णतः तंबाकूमुक्त बनाया जाएगा। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों तथा निजी संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकूजन्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी विद्यालय, महाविद्यालय या सरकारी कार्यालय का अधिकारी अथवा कर्मचारी तंबाकू का सेवन करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सीधे कोटपा (COTPA) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर रोक

अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रत्येक 15 दिन में एक विशेष दल गठित कर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण और लगातार अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। ग्रामसभाओं में शराब एवं तंबाकू प्रतिबंध संबंधी प्रस्ताव पारित कर संबंधित विक्रेताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन से वंचित करने का निर्णय ग्रामसभा के प्रस्ताव के अनुसार लिया जाएगा। ऐसे प्रस्ताव तहसीलदार को सौंपे जाने के बाद संबंधित अवैध विक्रेताओं को शासकीय प्रमाणपत्रों तथा सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ भी नहीं दिया जाएगा।

गड़चिरोली प्रशासन सख्त

बैठक में यह भी तय किया गया कि, जिन अवैध शराब विक्रेताओं के विरुद्ध तीन से अधिक मामले दर्ज हैं, उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर तड़ीपार की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। वन विभाग को जंगलों में महुआ फूल से बनाई जाने वाली अवैध हाथभट्टी शराब बनाने की सामग्री तथा तैयार शराब को नष्ट करने और संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहरों में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब एवं तंबाकू बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष खोज अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तहसील स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सालवे, सहायक पुलिस निरीक्षक कपिल आगलावे, सहायक समूह विकास अधिकारी बेडके, शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के प्रा. डॉ. राहुल मापारी, प्रा. डॉ. स्वाती देशमुख, वनपरिक्षेत्र अधिकारी सोरदे, मनोहर हेपट, डॉ. गुरुदास सेमसकर तथा मुक्तिपथ के तहसील संयोजक रेवनाथ मेश्राम, मेघा गोवर्धन समेत समिति के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com