

SPMCIL Jobs : सिक्योरिटी प्रिंटिंग एंड मिंटिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (SPMCIL) ने वर्ष 2026 के लिए डिप्टी मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर समेत विभिन्न पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई 2026 से शुरू होगी।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार SPMCIL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निर्धारित तिथि से आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के तहत आईटी, मानव संसाधन (HR), वित्त एवं बिक्री, मटेरियल मैनेजमेंट, राजभाषा (OL) और सुरक्षा जैसे विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव भी अलग निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना में दी गई पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
डिप्टी मैनेजर (आईटी) पद के लिए कंप्यूटर साइंस, आईटी या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक के साथ कम से कम 60 प्रतिशत अंक और तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है। वहीं, असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) के लिए एचआर में एमबीए, एमएसडब्ल्यू, पीएम एंड आईआर या दो वर्षीय पीजी डिप्लोमा होना चाहिए।
असिस्टेंट मैनेजर (फाइनेंस एंड सेल्स) के लिए बीकॉम के साथ सीए या आईसीडब्ल्यूए की योग्यता मांगी गई है। आईटी पद के लिए एमसीए या बीटेक (कंप्यूटर/आईटी), जबकि मटेरियल मैनेजमेंट, सुरक्षा और राजभाषा के पदों के लिए संबंधित विषय में डिग्री, पीजी डिग्री और अनुभव आवश्यक है।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए 200 रुपये सूचना शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में ऑनलाइन वस्तुनिष्ठ परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसका वेटेज 75 प्रतिशत होगा। परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा, जिसका वेटेज 25 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। अंतिम मेरिट सूची ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को SPMCIL की आधिकारिक करियर वेबसाइट career.spmcil.com पर जाकर नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। शुल्क का भुगतान करने के बाद उम्मीदवारों को आवेदन पत्र जमा कर उसकी प्रिंट कॉपी भविष्य के लिए सुरक्षित रखनी चाहिए।