मामा तालाब (सौजन्य-नवभारत)
Maharashtra Water Conservation Gadchiroli News: गड़चिरोली जिले में सिंचाई, पेयजल, मत्स्य पालन और भूजल पुनर्भरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘मामा तालाब’ वर्तमान में पूरी तरह उपेक्षित अवस्था में हैं। जिले में अनुमानित 520 से अधिक मामा तालाब हैं, जिनमें से लगभग 70 प्रतिशत यानी करीब 367 तालाब जर्जर स्थिति में पाए गए हैं।
कई तालाबों में गंभीर रिसाव होने से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है, जिसका सीधा असर आने वाले ग्रीष्मकालीन जल संकट पर पड़ने वाला है। इसके कारण हजारों नागरिकों के जल स्रोत खतरे में पड़ गए हैं। एक मामा तालाब पर औसतन 2 से 3 गांवों की पानी की आवश्यकता निर्भर रहती है। इस आधार पर जिले के कम से कम 800 से 1,000 गांवों के हजारों नागरिकों का पेयजल इन तालाबों पर आधारित है।
लेकिन रिसाव के कारण तालाबों का जलस्तर तेजी से घट रहा है, जिससे कुएं, हैंडपंप और बोरवेल का जलस्तर भी नीचे जा रहा है। परिणामस्वरूप कई गांवों में गर्मियों के दौरान टैंकर से पानी की आपूर्ति करनी पड़ती है। जिस पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च हो रहे हैं। जल संरक्षण विशेषज्ञों के अनुसार, एक मध्यम आकार के मामा तालाब की मरम्मत पर लगभग 10 से 15 लाख रुपये का खर्च अपेक्षित है।
इसमें बांधों की मजबूती, रिसाव रोकना, गाद निकालना, जल निकासी व्यवस्था और सुरक्षा दीवारों का निर्माण शामिल है। इस हिसाब से जिले के कम से कम 400 तालाबों के लिए करीब 50 से 75 करोड़ रुपये के तत्काल निधि की आवश्यकता है।
यदि मामा तालाबों की तत्काल मरम्मत नहीं की गई, तो भविष्य में जल संकट और अधिक गहरा जाएगा। कृषि उत्पादन में गिरावट आएगी और भूजल स्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच जाएगा। इसलिए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की जा रही है कि, वे तुरंत विशेष निरीक्षण अभियान चलाकर आवश्यक निधि स्वीकृत करें और तालाबों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करें तहसीलवार निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ है कि, गड़चिरोली जिले के अधिकांश मामा तालाब खराब स्थिति में हैं।
यह भी पढ़ें – डॉक्टरों में बढ़ रही नशे की लत! फेमा की जांच में बड़ा खुलासा, NEET-PG स्टूडेंट्स पर भी दिखा असर
| तहसील | कुल तालाब | दूरावस्था तालाब | रिसावग्रस्त तालाब |
|---|---|---|---|
| गडचिरोली | 42 | 28 | 19 |
| धानोरा | 38 | 26 | 17 |
| चामोर्शी | 55 | 39 | 25 |
| आरमोरी | 36 | 22 | 15 |
| वडसा | 31 | 31 | 14 |
| कुरखेडा | 47 | 33 | 22 |
| एटापल्ली | 54 | 41 | 29 |
| मुलचेरा | 46 | 34 | 23 |
| भामरागड | 29 | 21 | 16 |
| अहेरी | 58 | 43 | 31 |
| सिरोंचा | 44 | 32 | 21 |
| कोरची | 40 | 27 | 18 |