गड़चिरोली किसानों को बड़ी राहत, 20 अप्रैल से शुरू होंगे सरकारी मक्का खरीदी केंद्र; जिलाधीश ने जारी किए आदेश
गड़चिरोली जिले में 20 अप्रैल से सरकारी मक्का खरीदी केंद्र शुरू होंगे। जिलाधीश अविश्यांत पंडा ने सहपालकमंत्री के निर्देश पर यह आदेश जारी किया, जिससे किसानों को राहत मिलेगी।
Gadchiroli Maize Procurement News: गड़चिरोली जिले में किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले कुछ वर्षों से बड़े पैमाने पर मक्का उत्पादन होने के बावजूद सरकारी खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने से किसानों को अपनी उपज कम दाम में निजी व्यापारियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था।
किसानों की लगातार मांग के बाद अब जिला प्रशासन ने पहल की है। जिलाधीश अविश्यांत पंडा ने संबंधित विभाग को 20 अप्रैल से जिले में सरकारी मक्का खरीदी केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते आगामी सोमवार से खरीदी केंद्र शुरू हो जाएंगे, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
सहपालकमंत्री की सूचना पर जारी हुआ आदेश
दो दिन पूर्व जिले के सहपालकमंत्री एड. आशीष जायसवाल गड़चिरोली दौरे पर आए थे। इस दौरान शिवसेना पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर किसानों की समस्या उठाई और तत्काल मक्का खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग की।
सम्बंधित ख़बरें
लाइब्रेरी में असुविधाओं पर भड़के विधायक मिलिंद नरोटे, नपं प्रशासन को फटकार लगा एसी लगाने के दिए निर्देश
गड़चिरोली में अक्षय तृतीया पर बाल विवाह रोकने प्रशासन अलर्ट; 1098 पर दें सूचना, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई
मुलचेरा परिसर में बाघ का विचरण, गाय पर हमले से दहशत; जंगल में जाने वालों को सतर्क रहने की अपील
गड़चिरोली के पेठा गांव ने पेश की नशामुक्ति की मिसाल; 4 साल से शराबबंदी लागू, अवैध बिक्री पर 10,000 का जुर्मान
सहपालकमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही जिलाधीश और आदिवासी विकास महामंडल के प्रादेशिक प्रबंधक से संपर्क कर खरीदी केंद्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधीश ने आदेश जारी कर दिया।
चंदेल के नेतृत्व में उठी थी मांग
सहपालकमंत्री के दौरे के दौरान लोकसभा संगठक सुरेंद्र सिंह चंदेल के नेतृत्व में शिवसेना पदाधिकारियों ने कॉम्प्लेक्स स्थित सरकारी विश्रामगृह में मुलाकात कर किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया था।
मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया। आदेश जारी होने के बाद सुरेंद्र सिंह चंदेल, सहसंपर्क प्रमुख हेमंत जांबेवार, जिलाप्रमुख राकेश बेलसरे, तहसील प्रमुख अनिकेत आखरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने सहपालकमंत्री का आभार व्यक्त किया।
