मुलचेरा परिसर में बाघ का विचरण, गाय पर हमले से दहशत; जंगल में जाने वालों को सतर्क रहने की अपील
गड़चिरोली की मुलचेरा तहसील के बारसवाड़ा जंगल में बाघ ने एक गाय का शिकार किया। महुआ सीजन के बीच बाघ के विचरण से ग्रामीणों में दहशत है, लोगों ने गश्त बढ़ाने और मुआवजे की मांग की है।
Gadchiroli Tiger Mulchera Forest News: गड़चिरोली में पिछले कुछ दिनों से मुलचेरा तहसील मुख्यालय के समीप बारसवाड़ा गांव के जंगल परिसर में बाघ के विचरण की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे क्षेत्र के नागरिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बुधवार सुबह नपं क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 8 अंतर्गत बारसवाड़ा जंगल में बाघ द्वारा एक गाय पर हमला कर उसे मार डालने की घटना उजागर हुई। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम एक किसान की गाय चरने के लिए जंगल में गई थी, जहां रात के समय बाघ ने उस पर हमला किया। बुधवार सुबह खोजबीन के दौरान गाय मृत अवस्था में मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पथक मौके पर पहुंचे तथा पंचनामा किया। साथ ही अधिकारियों ने नागरिकों से रात के समय पशुओं को खुला न छोड़ने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
सम्बंधित ख़बरें
गडचिरोली में MIDC के विरोध में किसानों का बड़ा आंदोलन, हर मंगलवार होगा ‘खेती बचाओ मंगलवार’
मुक्तिपथ समिति का बड़ा फैसला, गड़चिरोली में अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर शिकंजा
Gadchiroli News: गड़चिरोली में अवैध शराब और तंबाकू बिक्री पर शिकंजा, विशेष दल करेगा कार्रवाई
Gadchiroli News: धानोरा-गड़चिरोली नेशनल हाईवे पर कीचड़ में फंसे दो ट्रक, 4 घंटे तक जाम
जंगल परिसर में गश्त बढ़ाने की मांग
इन दिनों महुआ फूल और रानमेवा संकलन का सीजन शुरू होने से बड़ी संख्या में लोग जंगल की ओर जा रहे हैं। लेकिन बाघ की मौजूदगी के कारण लोगों में भय व्याप्त है। कई लोग जान जोखिम में डालकर महुआ फूल इकट्ठा कर रहे हैं।
हाल ही में गाय पर हुए हमले के बाद किसानों और स्थानीय नागरिकों में और अधिक दहशत फैल गई है। नागरिकों ने वन विभाग से जंगल में गश्त बढ़ाने, नुकसानग्रस्त किसान को मुआवजा देने तथा बाघ का तत्काल बंदोबस्त करने की मांग की है।
बाघ का बंदोबस्त करने में विभाग विफल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बाघ का आतंक बना हुआ है, इसके बावजूद वन विभाग उसे नियंत्रित करने में विफल साबित हो रहा है। इससे ग्रामीणों को डर के माहौल में जीवनयापन करना पड़ रहा है।
