Gadchiroli News: गड़चिरोली के आरमोरी मार्ग पर राजस्थानी स्वीट मार्ट के पास जलापूर्ति पाइपलाइन लीकेज के कारण पिछले कई दिनों से लाखों लीटर पानी बह रहा है। तीन दिन पहले नगर परिषद (नप) ने यहां मरम्मत कर मुरुम बिछाया, लेकिन जल्दबाजी में किए गए कार्य के कारण उसी स्थान से दोबारा पानी रिसाव शुरू हो गया है।
पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति बन रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का आरोप है कि मरम्मत कार्य गुणवत्ता के बिना जल्दबाजी में किया गया, जिसके चलते समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर जिले के कई हिस्सों में पानी की किल्लत है, वहीं दूसरी ओर यहां प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। इसके बावजूद नप प्रशासन द्वारा अब तक स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
मरम्मत के दूसरे ही दिन पाइपलाइन से दोबारा पानी निकलने लगा, जिससे नप के कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है।