

Gadchiroli ASHA Workers Protest: लंबित वेतन वृद्धि, मानदेय में असमानता तथा विभिन्न मांगों को लेकर आशा वर्करों ने सोमवार को गडचिरोली शहर के इंदिरा गांधी चौक में चक्काजाम आंदोलन किया। आंदोलन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। जिले के विभिन्न तहसीलों से सैकड़ों आशा वर्कर सुबह से ही इंदिरा गांधी चौक पर एकत्रित हुई। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर आंदोलनकारियों ने आशा वर्करों को स्थायी मान्यता, मानदेय में वृद्धि करो जैसे नारों से पूरा चौक गूंज उठा।
आंदोलनकारी महिलाओं का कहना है कि, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में आशा वर्करों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन, संक्रामक रोगों के प्रति जागरूकता और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में वह दिन-रात कार्य करती हैं। इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है और प्रोत्साहन राशि भी समय पर नहीं मिलती।
आंदोलन के दौरानआशा वर्करों ने कुछ समय तक सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिससे शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई। पुलिस ने मौके पर बंदोबस्त बढ़ाते हुए यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन स्वीकार किया। इस आंदोलन का नेतृत्व रमेशचंद्र दहिवले, डा। महेश कोपुलवार, अमोल मारकवार, विनोद झोडगे, देवराव चवले, सचिन मोतकूलवार, विनोव मडावी, राज बन्सोड, नासिर हाश्मी विवेक खोब्रागडे, डा। धर्मराज सोरदे गोकुल ढवले, रोशन मेश्राम आदि ने किया।
अपनी विभिन्न प्रलंबित मांगों को लेकर जिले भर की आशा वर्कर, आंगनवाडी कर्मी जिला मुख्यालय में पहुंची। धानोरा मार्ग से निकला मोर्चा शहर के मुख्य इंदिरा गांधी चौक में पहुंच गया। जहां पर आंदोलनकर्ता महिलाएं चक्काजाम आंदोलन करते हुए बीच सडक पर ही बैठ गई। इस समय अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी के माध्यम से प्रशासन और सरकार का ध्यानाकर्षण कराने का प्रयास किया गया। जिसके बाद आंदोलनकर्ताओं ने पुलिस को गिरफ्तारियां दी।
आंदोलनकर्ताओं ने चेतावनी दी कि, मांगें पूरी नहीं होने पर जिलेभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस बीच प्रशासन की ओर से मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि आशा वर्करों ने स्पष्ट किया कि, ठोस निर्णय होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
मानदेय में तत्काल वृद्धि
बकाया प्रोत्साहन राशि का भुगतान
स्थायी मान्यता एवं सेवा सुरक्षा
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ
स्वास्थ्य कर्मचारियों के समान सुविधाएं उपलब्ध कराना