चंद्रपुर में मतदाता पुनरीक्षण अभियान तेज, 82% से अधिक प्रपत्र वितरित, 63 बीएलओ सम्मानित
Chandrapur Voter List: चंद्रपुर जिले में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत 82.12% मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। बेहतरीन काम के लिए 63 बीएलओ को सम्मानित किया गया।
- Written By: केतकी मोडक
चंद्रपुर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान (सोर्स- फोटो नवभारत)
Chandrapur Voter List Revision 2026: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान को चंद्रपुर जिले में गति मिल गई है। मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन व्यापक स्तर पर अभियान चला रहा है। कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में न रहे, इस उद्देश्य से बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं।
अभियान के तहत मतदाता सूची से मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, दोहरे अथवा अन्य अपात्र नामों को हटाने तथा नए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए प्रत्येक मतदाता परिवार को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरित किए जा रहे हैं तथा आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं। इस कार्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
13 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे तक जिले में अभियान की प्रगति संतोषजनक रही। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17 लाख 97 हजार 655 मतदाता हैं, जिनमें से 14 लाख 76 हजार 191 मतदाताओं यानी 82.12 प्रतिशत तक गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, 8 लाख 53 हजार 923 प्रपत्रों (47.50 प्रतिशत) का डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है तथा 8 लाख 53 हजार 448 प्रपत्रों (47.48 प्रतिशत) का बीएलओ स्तर पर सत्यापन भी पूर्ण कर लिया गया है। जिले के सभी 2,076 बूथ स्तर अधिकारियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इसके अलावा 4 लाख 52 हजार 891 सेल्फ मैपिंग तथा 3 लाख 96 हजार 431 प्रोपेनी मैपिंग का कार्य भी पूरा किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
जेजुरी-बेलसर सड़क हादसे के घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर, इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
नागपुर मानसून की तैयारी: महापौर नीता ठाकरे सख्त; नालों, गटर और सार्वजनिक कुओं की सफाई के दिए निर्देश
यवतमाल में 7.60 लाख हेक्टेयर फसल पर दोबारा बुवाई का संकट, किसान बारिश का इंतजार कर रहे
खड़कवासला बांध किनारे कथित अवैध निर्माण की जांच शुरू, तहसीलदार ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
नागरिकों से सहयोग की अपील
चंद्रपुर जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ द्वारा दिए गए गणना प्रपत्र को सावधानीपूर्वक सही जानकारी के साथ भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित शीघ्र संबंधित बीएलओ को जमा करें। जिन मतदाताओं ने अभी तक प्रपत्र नहीं भरा है, वे बिना विलंब इस प्रक्रिया में सहयोग करें। जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अद्यतन, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की आधारशिला है। इसलिए जिले के सभी पात्र नागरिक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति
गणना प्रपत्र वितरण में राजुरा विधानसभा क्षेत्र 92.50 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद ब्रम्हपुरी (88.50 प्रतिशत), वरोरा (87.49 प्रतिशत), चिमूर (85.19 प्रतिशत), बल्लारपुर (79.66 प्रतिशत) तथा चंद्रपुर (अनुसूचित जाति) विधानसभा क्षेत्र (63.82 प्रतिशत) का स्थान है। प्रशासन शेष मतदाताओं तक भी शीघ्र पहुंचकर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के प्रयास में जुटा है।
यह भी पढ़ें:- नागपुर मेट्रो को नहीं चाहिए जमीन, फिर भी किसानों पर आरक्षण की मार; 80 एकड़ जमीन वर्षों से फंसी
63 बीएलओ किए गए सम्मानित
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण पूरा करने वाले जिले के 63 बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को 13 जुलाई को जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशासन का मानना है कि इससे अन्य बीएलओ भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे।
