Summer exam 2026 Gondwana University (सोर्सः सोशल मीडिया)
Chincholi Khurd Exam Centre: गोंडवाना विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों की परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्र छत्रपति शिवाजी कॉलेज, चिंचोली खुर्द (केंद्र क्रमांक 453) को लेकर फैली अफवाह से विद्यार्थियों और अभिभावकों में रोष उत्पन्न हो गया।
चर्चा थी कि ग्रीष्मकालीन परीक्षा 2026 के लिए यह परीक्षा केंद्र रद्द कर दिया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। हालांकि बाद में महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र रद्द नहीं किया गया है। इसके बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
राजुरा और कोरपना तहसील की सीमा पर स्थित चिंचोली (खुर्द) में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय का महाविद्यालय संचालित है। यहां राजुरा और कोरपना के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ाई करने आते हैं। शीतकालीन 2025 से पहले इस महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र नहीं था। इस कारण विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए तहसील मुख्यालय स्थित एकमात्र केंद्र तक जाना पड़ता था।
छात्र सुमीत उपासे ने बताया कि यदि परीक्षा केंद्र बंद कर दिया जाता तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तहसील मुख्यालय जाकर परीक्षा देना बेहद कठिन हो जाता। चिंचोली में परीक्षा केंद्र शुरू होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की कई छात्राएं भी बड़ी संख्या में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य एस. एस. पडोलकर ने बताया कि परीक्षा केंद्र बंद होने के संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। इसलिए ग्रीष्मकालीन 2026 की परीक्षा पूर्ववत इसी केंद्र पर आयोजित की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की।
ग्रामीण क्षेत्रों से 30 से 35 किलोमीटर दूर परीक्षा केंद्र तक पहुंचना विद्यार्थियों के लिए काफी कठिन था। इसी दौरान परीक्षा देने जाते समय दो छात्राओं की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। इसके बाद कई ग्राम पंचायतों ने प्रस्ताव पारित कर ग्रामीण विद्यार्थियों की सुविधा के लिए चिंचोली (खुर्द) स्थित महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र शुरू करने की मांग विश्वविद्यालय से की थी। मांग पर विचार करते हुए विश्वविद्यालय ने नियमों के अनुसार शीतकालीन 2025 से यहां परीक्षा केंद्र शुरू किया था, जिससे विद्यार्थियों में संतोष का माहौल बना था।
ये भी पढ़े: चंद्रपुर मनपा: स्थायी समिति सभापति के लिए आज वोटिंग, लकी ड्रॉ या क्रॉस वोटिंग से होगा फैसला?
हाल ही में यह चर्चा फैल गई कि ग्रीष्मकालीन परीक्षा 2026 के लिए यह केंद्र रद्द कर दिया गया है। इस खबर के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी। हालांकि महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र रद्द नहीं किया गया है और कुछ लोगों द्वारा गलत जानकारी फैलाई गई थी। यह जानकारी सामने आते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली।