मनपा चुनाव (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Jorgewar vs Mungantiwar: मनपा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन मंगलवार को जहां एक ओर भाजपा में खुलकर अंतर्कलह उजागर हुई और गुटबाजी उभरकर सामने आयी, वहीं टिकट नहीं मिलने से भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के चुनाव निरीक्षक तथा चुनाव प्रमुख के सामने ही जमकर हंगामा किया।
नेताओं को खरी खोटी सुनाते हुए भाजपा के चुनाव निरीक्षक चैनसुख संचेती और चुनाव प्रमुख किशोर जोरगेवार के सामने ही अपना रोष व्यक्त किया तथा उक्त नेताओं का वाहन रोके रखा। भाजपा नेताओं का यह हंगामा स्थानीय एनडी होटल में देखने मिला। इसी होटल में भाजपा नेताओं की ओर से मनपा चुनाव में इच्छुक प्रत्याशियों को एबी फॉर्म का वितरण किया जा रहा था।
होटल में एबी फॉर्म मिलने की उम्मीद में बड़ी संख्या में भाजपा से चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों ने भीड़ लगाई थी। जैसे ही नामांकन दाखिल करने की अवधि समाप्त हुई और फिर भी पार्टी की अधिकृत उम्मीदवारी नहीं मिल सकी यह बात पता चलते ही असंतुष्ट कार्यकर्ताओं ने अपना गुस्सा उतारना शुरू किया।
भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता ने नेताओं को जमकर खरी खोटी सुनाते हुए अपना रोष प्रकट किया। उसका कहना था कि, प्रभाग क्रमांक 3 से उनकी टिकट काटकर पार्टी ने किसी ओर को ही पार्टी की टिकट दी। 30 वर्ष से वह पार्टी का काम कर रही है, जो निरर्थक रहा।
टिकट के बंटवारे को लेकर भाजपा में खुल कर व्यक्त हो रही नाराजगी पर अपनी बात रखते हुए भाजपा विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि, पार्टी ने कुछ सीटें ऐसे उम्मीदवारों को दी है, जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। उन्होंने कहा कि, प्रभाग क्रमांक 4 से पार्टी ने गंभीर किस्म के मामले दर्ज होने वाले अजय सरकार को टिकट दी।
उनके खिलाफ हत्या, डकैती, जबरन वसूली जैसे गंभीर किस्म के मामले दर्ज है। प्रभाग क्रमांक 3 से भी ऐसे व्यक्ति की पत्नी को पार्टी ने टिकट दिया जिसने पिछले दिनों यहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जनसभा को विफल करने का प्रयास किया था। जोरगेवार ने उक्त टिकटों के लिए अप्रत्यक्ष रूप से विधायक सुधीर मुनगंटीवार को जिम्मेदार ठहराया।
स्थानीय मनपा में भाजपा और शिंदे की शिवसेना के साथ गठबंधन करने के निर्देश पार्टी के आला नेताओं की ओर से आने की बात स्पष्ट करते हुए जोरगेवार ने बताया कि, चंद्रपुर मनपा में भाजपा और शिंदे सेना के बीच सीटों का बंटवारा हो चुका है।
यहां 66 में से भाजपा 58 जबकि शिंदे सेना 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बात से अब यह स्पष्ट हो चुका है कि, चंद्रपुर में महायुति में दरार पड़ चुकी है। भाजपा और शिंदे सेना ने मिलकर अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस को दरकिनार रखा है।
भाजपा में चल रहे अंतर्कलह के बीच यह भी बात स्पष्ट हुई है कि, भाजपा ने यहां एक ही प्रभाग से एक ही सीट पर दो दो प्रत्याशियों को एबी फॉर्म दिए है। प्रभाग 4 में भाजपा की ओर से रोबिन विश्वास के साथ ही यहां से लड़ रहे एक अन्य प्रत्याशी को भी एबी फॉर्म दिया है।
यह भी पढ़ें – इस्तीफा-बगावत-हंगामा…हर जगह नौटंकी, नामांकन के आखिरी दिन दिखे सारे रंग, 14 जगहों पर महायुति टूटी
मनपा चुनाव हेतु कांग्रेस ने नामांकन दाखिल करने की समयावधि खत्म होने के बाद अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची घोषित की। इस सूची में कई दिग्गज प्रत्याशियों के नाम नदारद थे तो कई नए चेहरों को सूची में स्थान दिया गया । कांग्रेस ने अपनी सूची में स्थानीय संगठन जन विकास सेना के 3 प्रत्याशियों को भी स्थान दिया है।
यह चारों प्रत्याशी शहर के वडग़ांव प्रभाग से है, जिनमें संगठन के अध्यक्ष पप्पू देशमुख, मनीषा बोबडे और प्रतीक्षा अजय येरगुडे का समावेश है। जन विकास सेना के उक्त प्रत्याशियों के खिलाफ कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी खड़े नही किए हैं।
जनविकास सेना के यह कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी किस चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरेंगे इस ओर सबकी निगाहें लगी है। कांग्रेस ने अपनी सूची में पार्टी के जिन प्रमुख प्रत्याशियों को स्थान दिया है, उनमें रामू तिवारी, संतोष लहामगे, संगीता अमृतकर, राहुल घोटकर, राजेश अडूर, सचिन कत्याल, अनुसया दहेगावकर, सुनीता अग्रवाल तथा अश्विनी खोब्रागडे का प्रमुखता से समावेश है।